जाँजगीर -चाँपा

जांजगीर में रफ्तार का कहर: नशे में धुत हाईवा चालक ने 12 गौवंशों को कुचला, मौके पर ही हुई मौत

मुलमुला के रेमंड मोड़ पर भीषण हादसा; वाहन के नीचे फंसी गाय के कारण रुका हाईवा, आरोपी चालक हिरासत में

जांजगीर-चांपा: जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार हाईवा ने सड़क किनारे बैठे गौवंशों के झुंड को बेरहमी से कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में 12 मवेशियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने हाईवा को जब्त कर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
नशे की हालत में था चालक, गाय फंसने से रुकी गाड़ी
अकलतरा एसडीओपी से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा बुधवार रात करीब 8 बजे रेमंड मोड़ चौक के पास हुआ। सड़क पर गौवंशों का झुंड बैठा हुआ था, तभी मुलमुला चौक की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित हाईवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक भागने की फिराक में था, लेकिन एक गाय हाईवा के नीचे फंस गई, जिससे वाहन आगे नहीं बढ़ सका। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने देखा कि हाईवा चालक नरोत्तम यादव (निवासी सोनसरी) बुरी तरह शराब के नशे में धुत था।
पुलिस की कार्रवाई और अंतिम संस्कार
घटना की सूचना मिलते ही मुलमुला पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक नरोत्तम यादव को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने हाईवा को भी जब्त कर लिया है। गुरुवार को सभी मृत गौवंशों का विधिवत पोस्टमार्टम कराया गया। डॉक्टरों की टीम द्वारा प्रक्रिया पूरी करने के बाद गौवंशों के शवों का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार किया गया।
कानूनी कार्रवाई जारी
पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अंचल में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश देखा जा रहा है और लोग रात के समय भारी वाहनों की रफ्तार पर अंकुश लगाने की मांग कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button