सच्चे मन से दर्शन करने पर मनोकामना पूरी करती हैं देवी दाई, जांजगीर के भीमा तालाब पार स्थित है कुलदेवी का पावन धाम

भीमा तालाब तट पर विराजीं कुलदेवी मां देवी दाई, 639 दीपों से जगमगाया दरबार
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। शारदीय नवरात्रि पर्व के शुरू होते ही धर्मनगरी जांजगीर में भक्ति और आस्था का माहौल बन गया है। माता के मंदिरों और शक्तिपीठों में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। नगर के भीमा तालाब के किनारे विराजीं मां भगवती ‘देवी दाई’ को जांजगीर की कुलदेवी के रूप में पूजा जाता है। ऐतिहासिक नगरी जांजगीर में 12वीं शताब्दी के विष्णु मंदिर परिसर में ही आदिकाल से मां देवी दाई का पावन धाम स्थित है। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से दर्शन करने और मन्नत मांगने पर देवी मां हर मनोकामना पूरी करती हैं।
आदिकाल से स्थापित हैं देवी दाई
मां देवी दाई की पांच पीढ़ियों से पूजा-अर्चना कर रहे पुजारी परिवार के सुमित उपाध्याय ने बताया कि देवी दाई की महिमा अपरंपार है। यहां श्रद्धालुओं द्वारा मांगी गई हर मुराद पूरी होती है। मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित सुदीप उपाध्याय ने बताया कि मुख्य द्वार के ठीक सामने मां के अनन्य भक्त चंदुआ बैगा का मंदिर स्थापित है। श्रद्धालु पहले चंदुआ बैगा के दर्शन करते हैं, फिर देवी दाई के मंदिर में प्रवेश करते हैं। मान्यता के अनुसार, जब आदिकाल में देवी दाई जांजगीर पहुंची थीं, तब नगर की रक्षा के लिए चंदुआ बैगा सामने आए थे, जिसके चलते मां ने उन्हें विशेष भक्त का दर्जा दिया।

639 ज्योति कलश प्रज्ज्वलित, 17 को महाआरती
इस वर्ष शारदीय नवरात्र पर मां देवी दाई मंदिर में 542 तेल ज्योति, 60 घृत ज्योति और 37 सामूहिक मनोकामना दीप समेत कुल 639 ज्योतिकलश प्रज्ज्वलित किए गए हैं। धार्मिक अनुष्ठान के तहत 17 अक्टूबर को मंदिर में भव्य महाआरती का आयोजन होगा। 18 अक्टूबर को दुर्गा अष्टमी का पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा तथा इसी दिन शाम 6 बजे से पूर्णाहुति हवन संपन्न कराया जाएगा।
19 अक्टूबर को भव्य ज्वारा विसर्जन
नवरात्र के अंतिम दिन 19 अक्टूबर को कुंवारी कन्या भोज का आयोजन किया जाएगा। इसके उपरांत कहरा पारा से मां देवी दाई मंदिर तक भव्य ज्वारा विसर्जन जुलूस निकाला जाएगा। भीमा तालाब में आस्था के प्रतीकों के विसर्जन के साथ ही क्वार नवरात्र का विधिवत समापन होगा। पूरे नौ दिनों तक पुरानी बस्ती क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
गुरुवार को नारियल बांधने की परंपरा
मंदिर में साल भर भक्तों की भीड़ लगी रहती है, लेकिन प्रत्येक गुरुवार को देवी दाई की विशेष पूजा की जाती है। पुरानी परंपरा के अनुसार, जो भी श्रद्धालु गुरुवार को मंदिर परिसर में नारियल बांधकर मां के दरबार में अपनी अर्जी लगाता है, उसकी मनोकामना अवश्य पूरी होती है।





