पॉलिटिक्स

बिहार में ‘सम्राट’ युग की शुरुआत: सम्राट चौधरी होंगे बिहार के नए मुख्यमंत्री

पटना। बिहार की राजनीति में आज एक नए अध्याय की शुरुआत हुई है। दशकों तक गठबंधन की राजनीति और नीतीश कुमार के इर्द-गिर्द घूमने वाली बिहार की सत्ता अब पहली बार पूर्ण रूप से भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में आ गई है। भाजपा विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से नेता चुन लिया गया है, जिसके बाद उनके बिहार के नए मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है।

सर्वसम्मति से हुआ सम्राट चौधरी का चयन

वीर चंद्र पटेल मार्ग स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को विधायक दल की बैठक आयोजित की गई। केंद्रीय मंत्री और पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में वरिष्ठ नेता विजय कुमार सिन्हा ने सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा। रेणु देवी, मंगल पांडेय और दिलीप जायसवाल सहित सभी विधायकों ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया, जिसके बाद सम्राट चौधरी को निर्विरोध नेता चुन लिया गया।

विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद क्या बोले सम्राट

भावुक होते हुए सम्राट चौधरी ने कहा, “मैं 20 साल से राजनीति में सक्रिय हूं, लेकिन भाजपा के साथ जुड़ने के बाद मुझे सही विचारधारा और सम्मान मिला। पार्टी ने मुझे डिप्टी सीएम और गृह मंत्री जैसी बड़ी जिम्मेदारियां दीं और अब मुख्यमंत्री के रूप में सेवा करने का जो मौका दिया है, उसे मैं पूरी निष्ठा से निभाऊंगा।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।

नीतीश कुमार के युग का अंत
बिहार के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले नीतीश कुमार ने आज सुबह कैबिनेट की आखिरी बैठक के बाद राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया। बता दें कि नीतीश कुमार हाल ही में राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं और अब वे राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। शिवराज सिंह चौहान ने नीतीश कुमार के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने बिहार को ‘जंगलराज’ से मुक्ति दिलाई और अब सम्राट चौधरी उनके विकास कार्यों को और तेजी से आगे बढ़ाएंगे।

बिहार की पहली भाजपा सरकार
यह पहली बार है जब बिहार में भाजपा का अपना मुख्यमंत्री होगा। 2025 के विधानसभा चुनाव में 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी भाजपा ने अब राज्य की कमान सीधे अपने हाथ में ले ली है। सम्राट चौधरी कल, 15 अप्रैल 2026 को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेगे।

Related Articles

Back to top button