
रेस्क्यू जारी, घायलों को अस्पताल में भर्ती; मौत की आशंका, आधिकारिक पुष्टि नहीं
सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार प्लांट में बॉयलर फटने से 40 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए।
हादसे के समय कई कर्मचारी प्लांट में काम कर रहे थे, जो विस्फोट की चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंचकर घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती करा रही है। कई मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना में कुछ लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और जांच की प्रक्रिया जारी है।




