जाँजगीर -चाँपा

बिजली आपूर्ति बाधित होने पर तत्काल समाधान करें, पीएम सूर्य घर योजना में लाएं तेजी – कलेक्टर

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक में उपभोक्ता शिकायतों के समयबद्ध निराकरण, नए विद्युत उपकेंद्रों के निर्माण और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मंगलवार को छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर जिले में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, उपभोक्ता शिकायतों के निराकरण और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिजली संबंधी शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा योजना के पात्र हितग्राहियों को जल्द लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं में तेजी लाई जाए।

बारिश के दौरान बाधित बिजली व्यवस्था पर विशेष फोकस

कलेक्टर ने कहा कि बारिश और तेज हवा के दौरान यदि विद्युत आपूर्ति प्रभावित होती है तो शिकायतों का तत्काल समाधान किया जाए। ट्रांसफॉर्मर खराब होने, लो-वोल्टेज और अन्य तकनीकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने तथा क्षेत्रवार नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।

24×7 कॉल सेंटर की सुविधा उपलब्ध

बैठक में विभागीय अधिकारियों ने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए 24×7 कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा है। बिजली संबंधी शिकायतों के लिए जांजगीर (नैला जोन) के उपभोक्ता 6262045898 और 9171887873, जबकि चांपा (चांपा जोन) के उपभोक्ता 7400729488 पर संपर्क कर सकते हैं।

नए विद्युत उपकेंद्रों के कार्य में तेजी के निर्देश

कलेक्टर ने जांजगीर शहर में सभी विद्युत उपकेंद्रों की रिंगमेन (इंटरकनेक्शन) व्यवस्था का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही चांपा के गांधी भवन क्षेत्र और शिवरीनारायण क्षेत्र के खरौद में प्रस्तावित नए विद्युत उपकेंद्रों के निर्माण कार्य में भी तेजी लाने को कहा।

व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर होगी त्वरित कार्रवाई

उन्होंने निर्देश दिए कि विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और उपभोक्ताओं को जोड़ते हुए क्षेत्रवार व्हाट्सएप ग्रुप बनाए जाएं, ताकि शिकायतों की जानकारी तुरंत मिल सके और उनका शीघ्र समाधान किया जा सके।

पीएम सूर्य घर योजना का करें व्यापक प्रचार

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए लंबित आवेदनों का शीघ्र परीक्षण करने, पात्र हितग्राहियों के घरों में रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित कराने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों को स्वच्छ ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित करने पर भी जोर दिया।

Related Articles

Back to top button