बिलासपुर में गूंजा तीजा का उल्लास: सीएम विष्णु देव साय ने बहनों संग साझा की खुशियां, चोरहादेवरी अब कहलाएगा ‘रामदेवरी’

13.85 लाख से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी; बेलतरा महोत्सव के लिए 30 लाख रुपए देने का सीएम ने किया ऐलान

बिलासपुर। 06 सितंबर 2026। तीजा तिहार के अवसर पर बिलासपुर का बहतराई स्टेडियम पारंपरिक छत्तीसगढ़ी संस्कृति और नारी शक्ति के भव्य संगम का गवाह बना। कमल सखी परिवार द्वारा आयोजित विशाल तीजा मिलन समारोह में पारंपरिक वेशभूषा में हजारों माताओं-बहनों ने शिरकत की। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर बहनों के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं और प्रदेशवासियों को अग्रिम शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने भगवान शिव एवं माता पार्वती से सभी परिवारों की सुख-समृद्धि की कामना की।
मातृशक्ति की आस्था और खुशहाली का पावन पर्व: मुख्यमंत्री
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि तीजा हमारी समृद्ध लोकसंस्कृति का अभिन्न पर्व है, जिसमें मातृशक्ति का अटूट प्रेम, त्याग और परिवार की खुशहाली की कामना समाहित है। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में नारी शक्ति को सर्वोच्च स्थान प्राप्त है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और सशक्तीकरण के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना के तहत 68 लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक संबल दिया जा रहा है और अब तक इसकी 31 किस्तों का नियमित भुगतान किया जा चुका है।
आत्मनिर्भरता की मिसाल: 13.85 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी
मुख्यमंत्री ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश की बहनें अब केवल योजनाओं की हितग्राही नहीं, बल्कि विकास की सक्रिय भागीदार हैं। राज्य में 13 लाख 85 हजार से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। स्व-सहायता समूहों के जरिए महिलाएं न केवल आजीविका चला रही हैं, बल्कि ड्रोन तकनीक अपनाकर ड्रोन दीदियां प्रतिदिन 6 से 7 हजार रुपए तक की आमदनी अर्जित कर रही हैं। इसके अलावा ई-रिक्शा संचालन, सेंटरिंग प्लेट निर्माण जैसे क्षेत्रों में भी महिलाएं नई मिसाल कायम कर रही हैं। उन्होंने दोहराया कि वर्ष 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में मातृशक्ति का योगदान सबसे महत्वपूर्ण होगा।
चोरहादेवरी का नाम ‘रामदेवरी’ और बेलतरा महोत्सव को 30 लाख
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को दो महत्वपूर्ण सौगातें दीं। उन्होंने बिल्हा विकासखंड के ग्राम चोरहादेवरी का नाम बदलकर ‘रामदेवरी’ करने की घोषणा की। इसके साथ ही माघी पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाले ऐतिहासिक बेलतरा महोत्सव के सफल आयोजन के लिए 30 लाख रुपए प्रदान करने की घोषणा की।
उप मुख्यमंत्री और मंत्री ने भी बढ़ाया बहनों का उत्साह

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि तीजा पर्व हमारी संस्कृति, पारिवारिक समर्पण और सामाजिक आत्मीयता को मजबूत करता है। वहीं महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि सरकार महिलाओं के सर्वांगीण विकास और सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। स्थानीय विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे लोकपरंपराओं के संवर्धन का सशक्त मंच बताया। स्टेडियम में महिलाओं के लिए झूले, मेहंदी और पारंपरिक व्यंजनों की खास व्यवस्था रही।
वरिष्ठ जनप्रतिनिधि व अधिकारी रहे उपस्थित
समारोह में विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, श्रीमती भावना बोहरा, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडे, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, संभागायुक्त सुनील जैन, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और महिलाएं उपस्थित थीं।





