छत्तीसगढ़सक्ती

सक्ती में गूंजे देशभक्ति के तराने: कराओके क्लब के भव्य ऑर्केस्ट्रा में झूमे नगरवासी, सांसद कमलेश जांगड़े रहीं मुख्य अतिथि

जिला प्रेस क्लब के पास देर रात तक बही देशप्रेम की सुरमयी धारा, सांसद ने की मां महामाया महोत्सव और ऑडिटोरियम निर्माण की घोषणा

सक्ती। नगर के हृदय स्थल कचहरी चौक स्थित जिला प्रेस क्लब भवन के समक्ष कराओके क्लब सक्ती द्वारा भव्य देशभक्ति ऑर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस सांगीतिक संध्या में जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके साथ पूर्व जनपद अध्यक्ष अन्नपूर्णा राठौर, सेवानिवृत्त शिक्षक बसंत लाल दुबे, पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष राजेश शर्मा ‘बाबा’ एवं भाजपा जिला मीडिया प्रभारी धनंजय नामदेव ने मां भारती के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

सक्ती में ऑडिटोरियम निर्माण व मां महामाया महोत्सव का होगा आयोजन: सांसद

समारोह को संबोधित करते हुए सांसद कमलेश जांगड़े ने कराओके क्लब की पहल की सराहना की। उन्होंने क्लब की मांगों पर घोषणा करते हुए कहा कि सक्ती जिला मुख्यालय में प्रतिवर्ष ‘मां महामाया महोत्सव’ के आयोजन के लिए वे संस्कृति मंत्री से मुलाकात कर नवरात्रि से पूर्व पहल करेंगी। साथ ही, जिला मुख्यालय में भव्य ऑडिटोरियम निर्माण की मांग वे सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष रखेंगी। सांसद ने कराओके क्लब के लिए सांस्कृतिक भवन निर्माण का वादा भी दोहराया और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए जनता से निरंतर मार्गदर्शन व सहयोग का आह्वान किया।

गायक कलाकारों ने देशभक्ति गीतों से बांधा समां

कार्यक्रम में कराओके क्लब के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह को देर रात 11 बजे तक झूमने पर मजबूर कर दिया। गायक कलाकार निरंजन यादव, गुरु प्रसाद जायसवाल, पारस बघेल, हरीश दुबे, मनोज सरकार, राजेंद्र बेहरा, जैनेंद्र जायसवाल, राम प्रकाश जाफरी, लक्ष्मीनारायण क्षत्री एवं श्याम अवतार साहू की सुरीली आवाज ने दर्शकों का दिल जीत लिया। स्थानीय नागरिकों ने सक्ती में ऑर्केस्ट्रा परंपरा को पुनर्जीवित करने के लिए क्लब की सराहना की।

Related Articles

Back to top button