क्राइमजाँजगीर -चाँपा

शिवरीनारायण पुलिस की बड़ी कामयाबी: राहौद डकैती कांड के 2 और आरोपी  गिरफ्तार, एप्पल आईफोन लूटकर हुए थे फरार

राहौद में घुसकर दंपति से की थी मारपीट और लूटपाट; मुख्य आरोपी पहले ही जा चुका है जेल, अब ‘बिल्लू’ और ‘बूटी’ भी सलाखों के पीछे

जांजगीर-चांपा। जिले के राहौद में पिछले दिनों हुई सनसनीखेज डकैती के मामले में शिवरीनारायण पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घटना के बाद से फरार चल रहे दो शातिर आरोपियों को अकलतरा से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। इन पर घर में घुसकर मारपीट करने और कीमती मोबाइल लूटने का आरोप है।
क्या था पूरा मामला?
बीती 19 मार्च 2026 की सुबह करीब 8:00 बजे राहौद निवासी प्रार्थी सुदीप कुमार के घर में चार नकाबपोश युवक जबरन घुस आए थे। आरोपियों ने घर के अंदर से 80 हजार रुपये कीमत के दो एप्पल आईफोन और एक सैमसंग कीपैड मोबाइल सहित काउंटर का सामान पार कर दिया था। जब सुदीप और उनकी पत्नी ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन्हें जमीन पर पटक कर लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा।
शोर मचाने पर ग्रामीणों की मदद से एक आरोपी प्रियेश कुमार बर्मन (निवासी केसला) को मौके पर ही दबोच लिया गया था, जबकि उसके अन्य साथी भागने में सफल रहे थे।
अकलतरा से दबोचे गए फरार आरोपी
थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम फरार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने अकलतरा में दबिश देकर दो और आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी:
रवि निर्मलकर उर्फ बिल्लू (22 वर्ष): निवासी वार्ड क्रमांक 14, नया थाना के बगल, अकलतरा। श्यामजी सिन्हा उर्फ बूटी (24 वर्ष): निवासी वार्ड नंबर 15, अकलतरा।
पुलिस की सख्त कार्यवाही
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 96/2026 के तहत बीएनएस (BNS) की धारा 331(5), 305(ए) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव, सउनि आर.पी. बघेल, प्रधान आरक्षक तारिकेश पाण्डेय, आरक्षक श्रीकांत सिंह, विवेक सिंह, यशवंत पाटले और राहौद सहायता केंद्र के स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button