क्राइमजाँजगीर -चाँपा

जांजगीर पुलिस की ‘रिस्पॉन्स टीम’ का अपराधियों पर कसा शिकंजा: अवैध शराब, गांजा और सट्टे पर 24 घंटे हो रही त्वरित कार्रवाई

SP विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में मुस्तैद है विशेष टीम; 154 फरार वारंटियों को पकड़ने में निभाई अहम भूमिका

जांजगीर-चांपा। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से गठित जांजगीर-चांपा पुलिस की रिस्पॉन्स टीम लगातार मैदान में सक्रिय नजर आ रही है। पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन एवं सीएसपी योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में शुरू की गई यह टीम जिले में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए 24 घंटे लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी कर रही है।

त्वरित पुलिस एक्शन

रिस्पॉन्स टीम को किसी भी आपातकालीन स्थिति, अपराध अथवा संकट की सूचना पर तत्काल प्रतिक्रिया देने के लिए तैनात किया गया है। 24×7 ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी सूचना मिलते ही बिना देरी किए मौके पर पहुँचकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करते हैं। टीम की इस त्वरित सक्रियता से जहाँ एक ओर असामाजिक तत्वों और अपराधियों में खौफ बना हुआ है, वहीं आम नागरिकों में पुलिस और सुरक्षा व्यवस्था के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है।

अवैध कारोबार पर लगाम

टीम द्वारा लगातार क्षेत्र में गश्त कर अवैध गांजा, शराब बिक्री, जुआ-सट्टा तथा असामाजिक गतिविधियों पर नकेल कसी जा रही है। पूर्व में 08 किलो गांजा परिवहन करते हुए 02 आरोपियों को दबोचने में इस टीम का विशेष योगदान रहा है। इसके साथ ही थाना जांजगीर एवं चौकी नैला क्षेत्र में अलग-अलग दिनों में कुल 154 फरार वारंटियों को पकड़कर सलाखों के पीछे भेजने में टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

बैंकों व सराफा बाजारों में चौकसी

भीड़भाड़ वाले हॉट-बाजारों, बैंकों, एटीएम और सराफा दुकानों के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर सतत निगाह रखी जा रही है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की भनक लगते ही तत्काल जांच की जाती है। इसके अलावा भीड़ नियंत्रण, आपदा प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों में तुरंत राहत पहुँचाने की जिम्मेदारी भी रिस्पॉन्स टीम मुस्तैदी से संभाल रही है।

पुलिस प्रशासन की अपील

जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार के अपराध, संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तुरंत स्थानीय थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 94791-93199 पर दें। पुलिस द्वारा प्राप्त प्रत्येक सूचना पर रिस्पॉन्स टीम के माध्यम से तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button