जिला स्तरीय एनसीओआरडी बैठक संपन्न, नशे के खिलाफ सख्त एक्शन के निर्देश, मानस पोर्टल व 1933 हेल्पलाइन पर सूचना देने की अपील, स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता अभियान तेज होगा

जांजगीर-चांपा। जिले में नशीले पदार्थों की रोकथाम और समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए जिला स्तरीय समन्वय समिति (एनसीओआरडी) की महत्वपूर्ण बैठक कलेक्टोरेट सभाकक्ष में संपन्न हुई। कलेक्टर जन्मेजय महोबे और प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में अवैध नशीले पदार्थों के व्यापार पर अंकुश लगाने और जन-जागरूकता फैलाने के कड़े निर्देश दिए गए।
स्कूल-कॉलेजों के आसपास होगी विशेष निगरानी
कलेक्टर एवं प्रभारी एसपी ने निर्देश दिए कि शिक्षण संस्थानों के आसपास शराब या अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। स्कूलों और कॉलेजों में सेमीनार, पोस्टर और रैली के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का अभियान चलाया जाएगा।
पुनर्वास और उपचार पर जोर बैठक में नशे की लत से प्रभावित बच्चों और परिवारों के रेस्क्यू और पुनर्वास पर भी चर्चा हुई। महिला एवं बाल विकास विभाग तथा समाज कल्याण विभाग को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि वे आरोपियों और पीड़ितों की मेडिकल जांच व उपचार सुनिश्चित करें।
वाहन भी होंगे जब्त
नारकोटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई को और प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि अवैध नशीले पदार्थों की जब्ती के साथ-साथ उनमें प्रयुक्त होने वाले वाहनों को भी अनिवार्य रूप से जब्त किया जाए।
इन माध्यमों से दे सकते हैं गुप्त सूचना
नशे से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि या जानकारी को नागरिक इन माध्यमों से साझा कर सकते हैं:
*टोल-फ्री नंबर: 1933
*मानस पोर्टल https://www.ncbmanas.gov.in
*ई-प्लेज़: https://www.narcoordindia.gov.in
बैठक में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।




