क्राइमजाँजगीर -चाँपा

शादी का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाले 2 शातिर सायबर ठग गिरफ्तार: लड़की की आवाज निकाल कई जिलों में फैलाया था जाल

‘पवित्र रिश्ता डॉट कॉम’ के नाम से करते थे फर्जीवाड़ा, हेडफोन से आवाज बदलकर रिश्ता तय कराने के नाम पर ऐंठते थे रकम; 2 मोबाइल, हेडफोन व पंपलेट जब्त

जांजगीर चाम्पा। शादी के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर ऑनलाइन ठगी करने वाले दो शातिर आरोपियों को सायबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी वॉइस चेंजिंग हेडफोन के जरिए लड़की की आवाज निकालकर लोगों को शादी का रिश्ता तय कराने का झांसा देते थे और उनसे लाखों रुपये ऐंठकर संपर्क तोड़ लेते थे। पुलिस ने इनके पास से 2 मोबाइल, हेडफोन, व्हाट्सएप चैट और ‘पवित्र रिश्ता डॉट कॉम’ के प्रचार पंपलेट बरामद किए हैं।

शिकायतकर्ता के खाते में होल्ड लगने से खुला राज

मामले का खुलासा तब हुआ जब प्रार्थी अजय राठौर ने 15 अगस्त को सायबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी ने बताया कि 8 अगस्त को एक अज्ञात व्यक्ति ने अस्पताल का बहाना बनाकर उससे 2,000 रुपये नकद लिए और उसके खाते में फोन-पे से पैसे ट्रांसफर कर दिए। कुछ दिन बाद प्रार्थी के बैंक खाते पर होल्ड लग गया। बैंक से जानकारी मिली कि सोनू साहू की यूपीआई आईडी से आया पैसा सायबर ठगी का था। इसके बाद सायबर थाने में बीएनएस एवं आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

आवाज बदलकर कवर्धा, रायपुर समेत कई जिलों में की ठगी

सायबर सेल ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी लक्ष्मीनारायण उर्फ लाला साहू (अमोदा/जांजगीर) और सोनू साहू (चांपा) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी साल 2025 से डिवाइस और हेडफोन से लड़की की आवाज निकालकर शादी के इच्छुक लोगों से संपर्क करते थे। आरोपियों ने कवर्धा निवासी रमेश साहू, कौशल साहू, दीपक कुमार साहू सहित रायपुर, बलौदाबाजार, बालोद और महासमुंद जिले के कई लोगों से लाखों की ठगी की है। नेशनल सायबर पोर्टल पर भी इनके खिलाफ कई शिकायतें दर्ज पाई गईं।

आरोपियों को भेजा गया न्यायिक रिमांड पर

पुलिस ने आरोपी लक्ष्मीनारायण उर्फ लाला साहू (26 वर्ष) और उसके भांजे सोनू साहू (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में सायबर थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, सउनि विवेक सिंह, आरक्षक गिरीश कश्यप, प्रदीप दुबे, माखन साहू एवं शाहबाज खान की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button