क्राइमजाँजगीर -चाँपा

जांजगीर: SP कार्यालय में हंगामा करने वाला युवक गिरफ्तार, स्टाफ से गाली-गलौज और धक्का-मुक्की

शासकीय कार्य में बाधा डालने, पुलिस स्टाफ से अभद्रता और झूठे केस में फंसाने की धमकी देने के आरोप में युवक को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

जांजगीर चाम्पा। पुलिस अधीक्षक कार्यालय जांजगीर में ड्यूटी पर तैनात स्टाफ के साथ गाली-गलौज, हंगामा और धक्का-मुक्की करने वाले युवक को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी पर शासकीय कार्य में बाधा डालने और पुलिस कर्मियों को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप है।

पावती को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार 1 जून 2026 की दोपहर करीब 2:30 बजे ग्राम सेमरा निवासी पंकज कुमार चौबे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। उसने अजाक-जवाक शाखा में आवेदन प्रस्तुत कर तत्काल पावती देने का दबाव बनाया। ड्यूटी पर मौजूद महिला पुलिसकर्मी द्वारा आवेदन पढ़कर पावती देने की प्रक्रिया बताने पर वह नाराज हो गया।

स्टाफ से की अभद्रता और हंगामा

बताया गया कि आरोपी ने महिला स्टाफ से अभद्र भाषा का प्रयोग किया और कार्यालय में हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी ने उनके साथ भी गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की की। इस दौरान उसने कर्मचारियों को झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी भी दी।

त्वरित कार्रवाई कर किया गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया। थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा जुर्म स्वीकार किए जाने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

आरोपी की पहचान

गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंकज कुमार चौबे (34 वर्ष), निवासी ग्राम सेमरा, थाना नवागढ़, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है।

Related Articles

Back to top button