जिला जेल में लायंस-लीनेस क्लब ने मनाया रक्षाबंधन, बंदियों की कलाई पर बांधी राखी और दिया सकारात्मक जीवन का संदेश

महिला सदस्यों ने रक्षा सूत्र बांधकर बंदियों के सुखी जीवन की कामना की, मिठाई और सोनपापड़ी भेंट कर मनाया पर्व
जांजगीर-चांपा। 27 अगस्त 2026। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर लायंस क्लब जांजगीर एवं लीनेस क्लब जांजगीर-जाज्वल्या की ओर से जिला जेल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान क्लब की महिला सदस्यों ने बंदियों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके सुखी जीवन की कामना की।
जेल प्रशासन ने पहल की सराहना
कार्यक्रम जेल प्रशासन के सहयोग से आयोजित किया गया। जेल अधीक्षक डी.डी. टोण्डर ने लायंस एवं लीनेस क्लब के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बंदियों के भीतर सकारात्मक बदलाव लाने में मदद करते हैं। साथ ही उन्हें अपनी गलतियों में सुधार कर बेहतर नागरिक बनने की प्रेरणा मिलती है। लायंस क्लब अध्यक्ष लायन डॉ. व्ही.के. पैगवार ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य जेल में बंद भाइयों को समाज की मुख्यधारा से जोड़े रखना और उन्हें यह एहसास कराना है कि वे अकेले नहीं हैं।
अतीत भविष्य तय नहीं करता
इस अवसर पर लायन परस शर्मा ने बंदियों को प्रेरित करते हुए कहा कि परिस्थितियां कैसी भी हों, इंसान का अतीत उसका भविष्य तय नहीं करता। उन्होंने रक्षा सूत्र को समाज के विश्वास और बेहतर भविष्य की उम्मीद से जोड़ते हुए सकारात्मक शुरुआत का संदेश दिया। लीनेस अध्यक्ष सरिता शर्मा ने बंदियों से जेल में मिले समय का उपयोग आत्मचिंतन और सकारात्मक कौशल सीखने में करने की अपील की। वहीं निवर्तमान अध्यक्ष राजेश पालीवाल ने कहा कि त्योहार लोगों को अपनों से जोड़ते हैं और यह अवसर समाज की मुख्यधारा में वापस लौटने की प्रेरणा देता है।

राखी के बाद बांटी गई मिठाई
राखी बंधवाने के बाद लायंस क्लब की ओर से बंदियों का मुंह मीठा कराया गया और उन्हें उपहार स्वरूप सोनपापड़ी भेंट की गई। कार्यक्रम के दौरान कई बंदी भावुक हो गए और उन्होंने भविष्य में अपराध मुक्त जीवन जीने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन सचिव लायन जूही गौरहा ने किया, जबकि कोषाध्यक्ष लायन नामिशा थवाईत ने आभार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रिंस शर्मा एवं भैरव मिश्रा का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम में इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में लायन अध्यक्ष डॉ. व्ही.के. पैगवार, लीनेस अध्यक्ष सरिता शर्मा, सचिव जूही गौरहा, कोषाध्यक्ष नामिशा थवाईत, लायन परस शर्मा, लायन राजेश पालीवाल, लीनेस कल्पना केशरवानी, लीनेस सरोज पाटनी, लायन प्राची पाण्डेय, लायन रिकेश अग्रवाल, जेल अधीक्षक डी.डी. टोण्डर तथा जेल स्टाफ से रमेश मरकाम, आलोक खरे, सनी जायसवाल, राजेन्द्र पटेल और परमानंद सिदार उपस्थित रहे।





