Chhattisgarhक्राइम

बलरामपुर शर्मसार: भाई को बंधक बनाकर युवती से सामूहिक दुष्कर्म, तीन आरोपी गिरफ्तार

रिश्तेदार के घर जा रही 19 वर्षीय युवती को जंगल में ले जाकर वारदात करने का आरोप, शिकायत मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दबोचा।

🔴 Aaj Ki Baat News | बलरामपुर

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। वाड्रफनगर चौकी क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती के साथ कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, बसंतपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती रविवार दोपहर अपने फुफेरे भाई के साथ कोटराही जंगल के रास्ते एक रिश्तेदार के घर जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया और कथित रूप से धमकाते हुए जंगल के भीतर ले गए।

भाई को बंधक बनाने का आरोप

पीड़िता की शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने पहले उसके भाई को बंधक बना लिया और उसके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद युवती के साथ दुष्कर्म किया गया। आरोप है कि वारदात के दौरान आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी को भी मौके पर बुलाया, जिसने भी युवती के साथ दुष्कर्म किया।

वारदात के बाद मौके से फरार हुए आरोपी

घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी भाई-बहन को जंगल में छोड़कर फरार हो गए। किसी तरह दोनों वाड्रफनगर पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।

पुलिस ने दिखाई तत्परता

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और तत्काल घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी कोटराही गांव के निवासी हैं।

जांच और कानूनी कार्रवाई जारी

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

यह घटना एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Back to top button