सुशासन तिहार 2026: जांजगीर-नैला व सेमरिया में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित

नागरिकों से बड़ी संख्या में आवेदन, हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ वितरित
हितग्राहियों को बांटी गई आवास की चाबी और स्वामित्व कार्ड, 6 मई को चांपा और तिलई में लगेंगे विशेष शिविर

जांजगीर-चांपा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप आम जनता की समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी निराकरण के लिए ‘सुशासन तिहार 2026’ के तहत जिले में शिविरों का आयोजन जारी है। इसी कड़ी में मंगलवार को नगर पालिका जांजगीर-नैला और जनपद पंचायत पामगढ़ के ग्राम सेमरिया में भव्य जनसमस्या निवारण शिविर संपन्न हुए।
सेमरिया में 700 से अधिक आवेदन, जांजगीर में भी दिखा उत्साह
शिविरों में नागरिकों ने प्रशासनिक अमले के सामने अपनी मांगे और शिकायतें रखीं। ग्राम पंचायत सेमरिया में सबसे अधिक 708 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 700 आवेदन विभिन्न मांगों से संबंधित थे। वहीं, नगर पालिका जांजगीर-नैला में कुल 71 आवेदन दर्ज किए गए। इन आवेदनों में मुख्य रूप से राजस्व मामले (नामांतरण, सीमांकन), आयुष्मान कार्ड, महतारी वंदन योजना, राशन कार्ड और आधार कार्ड से जुड़ी समस्याएं शामिल रहीं।

हितग्राहियों को मिले लाभ और प्रमाण पत्र
कलेक्टर श्री महोबे और पूर्व संसदीय सचिव अम्बेश जांगड़े ने शिविर में मौजूद पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत सामग्री वितरित की। कार्यक्रम में पीएम आवास योजना की चाबियां, स्वामित्व कार्ड, लखपति दीदी प्रमाण पत्र, किसान किताब, नैनो यूरिया, जाल और आइस बॉक्स प्रदान किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई एवं अन्नप्राशन का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

कलेक्टर ने दी एग्रीस्टेक पंजीयन की सलाह
कलेक्टर श्री महोबे ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवेदनों का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करें। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे ‘एग्रीस्टेक’ में अपना पंजीयन अनिवार्य रूप से कराएं ताकि खाद-बीज और किसान क्रेडिट कार्ड जैसी सुविधाओं का लाभ सुगमता से मिल सके।
6 मई को चांपा और तिलई में शिविर
प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, सुशासन तिहार का अगला शिविर बुधवार, 6 मई को आयोजित होगा।
चांपा: वार्ड क्रमांक 1, रुद्रेश्वरशरण सिंह सामुदायिक भवन
तिलई: शासकीय हाई स्कूल परिसर (जनपद पंचायत अकलतरा)




