जाँजगीर -चाँपा

बारिश के बीच खेतों में उतरे कलेक्टर जन्मेजय महोबे: डिजिटल क्रॉप सर्वे और नक्शा बटांकन का लिया जायजा, त्रुटिरहित कार्य के दिए निर्देश

ग्राम पेंड्री और पुटपुरा पहुंचकर कलेक्टर ने एग्रीस्टैक पंजीयन व राजस्व कार्यों की परखी जमीनी हकीकत, लापरवाही न बरतने की दी सख्त हिदायत।

img com 2026082618424899408241999456896251521

जांजगीर-चांपा।  जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे, एग्रीस्टैक पंजीयन और राजस्व संबंधी कार्यों की वास्तविक स्थिति परखने के लिए कलेक्टर जन्मेजय महोबे रिमझिम बारिश के बीच सीधे ग्राम पेंड्री और पुटपुरा के खेतों तक पहुंचे। मौके पर उन्होंने सर्वेयरों से रूबरू होकर सर्वे की प्रगति जानी और स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक खेत का सूक्ष्मता से निरीक्षण कर वास्तविक फसल की ही प्रविष्टि दर्ज की जाए। इसके साथ ही उन्होंने पटवारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त प्रविष्टियों के अनुमोदन (अप्रूवल) के दौरान विशेष सावधानी बरती जाए ताकि कोई गलत जानकारी दर्ज न हो।

एग्रीस्टैक पंजीयन में तेजी और नियमित पर्यवेक्षण के आदेश

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एग्रीस्टैक किसान पंजीयन की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की और मैदानी अमले से अब तक हुए पंजीयन तथा आ रही व्यावहारिक व तकनीकी दिक्कतों की जानकारी ली। उन्होंने सभी पात्र किसानों का पंजीयन निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने और किसानों को जागरूक करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने दो टूक कहा कि वरिष्ठ अधिकारी और राजस्व अमला लगातार फील्ड में उतरकर सर्वे कार्य का सत्यापन करें, जिससे मैदानी स्तर पर किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश न रहे।

img com 2026082618424925118426100460565687222

नक्शा बटांकन और राजस्व अभिलेखों का कराया मौके पर मिलान

राजस्व बैठकों में नक्शा बटांकन की धीमी गति पर नाराजगी जताने के बाद कलेक्टर ने पेंड्री और पुटपुरा में नक्शा बटांकन का मौके पर जाकर अभिलेखों से मिलान कराया। उन्होंने भू-खण्डों की सीमाओं और स्वीकृत परिवर्तनों को नियमानुसार दुरुस्त रखने तथा किसी भी संशय या विसंगति की स्थिति में तत्काल तहसीलदार व राजस्व निरीक्षक द्वारा नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के आदेश दिए। इस निरीक्षण के दौरान अधीक्षक भू-अभिलेख विनय पटेल, तहसीलदार शशिभूषण सोनी, नायब तहसीलदार वर्षा अग्रवाल, राजस्व निरीक्षक और संबंधित हल्का पटवारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button