9 साल से बदहाल सड़क से परेशान युवा, डोंगा-कोहरौद मार्ग निर्माण की मांग को लेकर आमरण अनशन की चेतावनी

तहसील कार्यालय में सौंपा ज्ञापन, सड़क निर्माण नहीं होने पर आंदोलन तेज करने का ऐलान
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा जिले के डोंगा-कोहरौद क्षेत्र में वर्षों से बदहाल सड़क की समस्या को लेकर ग्रामीण युवाओं का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। सड़क निर्माण की मांग को लेकर युवाओं ने तहसील कार्यालय में ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर वे आमरण अनशन शुरू करेंगे।
9 वर्षों से अधूरा पड़ा सड़क निर्माण
ग्रामीणों के अनुसार वर्ष 2016 में पामगढ़-ससहा मार्ग के निर्माण कार्य के दौरान डोंगा-कोहरौद सड़क का हिस्सा अधूरा छोड़ दिया गया था। पामगढ़ से लहौद तक सड़क का निर्माण हो गया, लेकिन डोंगा-कोहरौद मार्ग आज भी जर्जर स्थिति में पड़ा हुआ है। इसके कारण ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
गड्ढों से भरी सड़क बनी मुसीबत
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। नौ वर्षों से लोग गड्ढों और उबड़-खाबड़ मार्ग पर यात्रा करने को मजबूर हैं, जबकि इस संबंध में कई बार प्रशासन का ध्यान भी आकर्षित कराया जा चुका है।
रायपुर-जांजगीर आवागमन का महत्वपूर्ण मार्ग
डोंगा-कोहरौद मार्ग जांजगीर से रायपुर जाने वाले प्रमुख और सुगम मार्गों में से एक माना जाता है। इसके बावजूद सड़क निर्माण का कार्य पूरा नहीं होने से न केवल ग्रामीण बल्कि इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
युवाओं ने आंदोलन का किया ऐलान
ग्रामीण युवाओं ने स्पष्ट किया है कि यदि जल्द सड़क निर्माण की दिशा में ठोस पहल नहीं की गई तो वे आमरण अनशन शुरू करेंगे। इस संबंध में तहसील प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया गया है।
इन युवाओं ने सौंपा ज्ञापन
ज्ञापन सौंपने वालों में हेमंत चौबे, पंकज कौशिक, पूनीराम पटेल, हेमंत पटेल, हरीश साहू, हरीश कश्यप, रमेश कश्यप, रामशरण कौशिक, अनिरुद्ध श्रीवास, भरत यादव, फुलेश्वर कौशिक, मैन कुमार पटेल, पुनिराम कश्यप सहित अन्य ग्रामीण युवा शामिल रहे।




