Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपापॉलिटिक्स

विधायक शेषराज हरबंश की पहल रंग लाई: शिवरीनारायण-खैरताल मार्ग के कायाकल्प को ₹22.08 करोड़ मंजूर, बनेंगे पुल-पुलिया

11.70 किमी सड़क का होगा चौड़ीकरण व मजबूतीकरण; क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, बजट में मिली प्रशासकीय स्वीकृति

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। पामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में सड़क अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक बड़ी सौगात मिली है। क्षेत्रवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करते हुए शासन ने शिवरीनारायण से खैरताल मार्ग के चौड़ीकरण, मजबूतीकरण एवं पुल-पुलिया निर्माण के लिए ₹22.08 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। लगभग 11.70 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के कायाकल्प से इलाके में सुगम यातायात के साथ-साथ व्यापारिक और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

बजट में ₹2208.59 लाख की मिली मंजूरी

लोक निर्माण विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में शामिल इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना के लिए ₹2208.59 लाख की राशि स्वीकृत की गई है। लंबे समय से जर्जर हाल में मौजूद यह मार्ग क्षेत्र के आवागमन के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण है। स्थानीय नागरिक व ग्रामीण लगातार इस मार्ग के पुनर्निर्माण की मांग कर रहे थे, जिसे अब प्रशासनिक मंजूरी मिल गई है।

चौड़ीकरण के साथ बनेंगे मजबूत पुल-पुलिया

स्वीकृत परियोजना के तहत केवल डामरीकरण या पेंचवर्क नहीं होगा, बल्कि सड़क का चौड़ीकरण कर इसे भारी वाहनों के दबाव के अनुकूल मजबूत बनाया जाएगा। इसके साथ ही मार्ग पर आवश्यकतानुसार नए पुल-पुलियों का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे बारिश के दिनों में जलभराव या मार्ग अवरुद्ध होने की समस्या से ग्रामीणों और राहगीरों को पूरी तरह निजात मिल सकेगी।

विधायक की सक्रियता से मिली सफलता

पामगढ़ विधायक शेषराज हरबंश ने इस सड़क के निर्माण को लेकर लगातार शासन स्तर पर प्रयास किए थे। उन्होंने विधानसभा में भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था तथा उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव से व्यक्तिगत रूप से मिलकर जनहित में राशि स्वीकृत करने का आग्रह किया था। विधायक ने कहा कि पामगढ़ क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और आम जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

शासन और सहयोगियों के प्रति जताया आभार

मार्ग की प्रशासकीय स्वीकृति मिलने पर विधायक शेषराज हरबंश ने क्षेत्रवासियों को बधाई दी। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव तथा जिले के प्रभारी एवं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस मांग को निरंतर उठाने वाले क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का भी धन्यवाद किया।

Related Articles

Back to top button