सेवा और समर्पण से शुरू हुआ अग्रसेन जयंती महोत्सव: नैला में निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण व स्वास्थ्य शिविर, कलेक्टर-एसपी ने की पहल की सराहना

दिव्यांगजनों को मिले कृत्रिम हाथ-पैर; अपोलो हॉस्पिटल्स बिलासपुर के डॉक्टरों ने दी निःशुल्क सेवाएं, बड़ी संख्या में जरूरतमंद हुए लाभान्वित
🔴 आज की बात News | नैला-जांजगीर। श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव का शुभारंभ इस वर्ष सेवा, स्वास्थ्य और मानवीय सरोकार के संकल्प के साथ हुआ। श्री अग्रसेन सेवा समिति नैला-जांजगीर द्वारा स्व. श्रीमती द्रोपती बाई अग्रवाल एवं स्व. श्री केदारनाथ अग्रवाल (पहरिया वाले) की पावन स्मृति में भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के सहयोग से निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर आयोजित किया गया। इसके साथ ही अपोलो हॉस्पिटल्स बिलासपुर के सहयोग से विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर भी लगाया गया।
कृत्रिम अंग वितरण एवं निःशुल्क विशेषज्ञ जांच
शिविर में पहुंचे दिव्यांगजनों का माप लेकर उन्हें उच्च गुणवत्ता के कृत्रिम हाथ एवं पैर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की गई। वहीं, स्वास्थ्य शिविर में अपोलो हॉस्पिटल्स बिलासपुर के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की गहन जांच की। शिविर में हृदय रोग, नेत्र रोग, हड्डी रोग, मेडिसिन और प्रसूति रोग से जुड़ी समस्याओं का परामर्श दिया गया। इसके अतिरिक्त मरीजों के ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर सहित जनरल हेल्थ चेकअप भी पूरी तरह निःशुल्क किए गए।

कलेक्टर व एसपी ने की सामाजिक पहल की सराहना
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय ने इस आयोजन की जमकर प्रशंसा की। कलेक्टर महोबे ने कहा कि दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराना अत्यंत संवेदनशील और पुण्य कार्य है। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी सहयोग की भावना सुदृढ़ होती है। उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज जनकल्याणकारी कार्यों में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाता रहा है।

एसपी विजय पाण्डेय ने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा के साथ जयंती महोत्सव की शुरुआत करना पूरे समाज के लिए अनुकरणीय और प्रेरणादायी कदम है।
समाज के प्रबुद्धजनों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम का कुशल संचालन बृजेश अग्रवाल ने किया, जबकि अमर सुल्तानिया ने सभी चिकित्सकों, सहयोगियों एवं आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। आयोजन में संजय अग्रवाल, राजेश पालीवाल, अजय अग्रवाल, प्रदीप गोयल, कैलाश अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, संतोष अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, राकेश पालीवाल, विकास अग्रवाल, तपन अग्रवाल, हिमांशु अग्रवाल सहित अग्रसेन सेवा समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।




