Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपा

सेवा संकल्प अभियान: गंभीर बीमारी में संजीवनी बना आयुष्मान कार्ड, बलौदा के भरतलाल का निजी अस्पताल में हुआ मुफ्त इलाज

टाइफाइड और घुटनों के दर्द से थे परेशान, आयुष्मान भारत योजना ने दूर की इलाज के खर्च की चिंता; पीएम और सीएम का जताया आभार

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। शासन की लोक-कल्याणकारी योजनाएं किस तरह जरूरतमंदों के लिए कठिन समय में संबल बनती हैं, इसका जीवंत उदाहरण ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सामने आया है। जिले के विकासखंड बलौदा अंतर्गत ग्राम कोलिहादेवरी निवासी श्री भरतलाल निर्मलकर के लिए आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना गंभीर बीमारी के समय संजीवनी साबित हुई। गंभीर टाइफाइड बुखार और घुटनों के असहनीय दर्द से जूझ रहे भरतलाल का निजी अस्पताल में पूरी तरह नि:शुल्क और सफल इलाज हुआ, जिससे उनके परिवार पर आने वाला बड़ा आर्थिक संकट टल गया।

इलाज के खर्च की चिंता हुई दूर

भरतलाल निर्मलकर ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि जब वे गंभीर रूप से बीमार पड़े, तो परिवार के सामने सबसे बड़ी चिंता निजी अस्पताल के भारी-भरकम खर्च को लेकर थी। ऐसे नाजुक वक्त में उनका ‘आयुष्मान कार्ड’ परिवार के लिए सबसे बड़ा सहारा बना। योजना के तहत पंजीकृत निजी अस्पताल में भर्ती होने पर उनके इलाज, जांच और दवाओं का संपूर्ण खर्च आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत वहन किया गया।

निजी अस्पताल में मिला बेहतर और नि:शुल्क उपचार

अस्पताल में चले समुचित इलाज के बाद अब भरतलाल पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा और समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य लाभ मिला। आर्थिक तंगी के चलते जो परिवार इलाज कराने से हिचकिचाते थे, उनके लिए यह योजना ढाल बनकर खड़ी है। भरतलाल ने कहा कि यदि यह कार्ड नहीं होता, तो परिवार पर कर्ज का भारी बोझ आ सकता था।

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का जताया हृदय से आभार

कठिन स्वास्थ्य परिस्थितियों में मिली इस बड़ी आर्थिक व मानसिक राहत के लिए श्री भरतलाल निर्मलकर ने देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह योजना गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए जीवनदायिनी है।

गौरतलब है कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जिले में जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों और उनकी प्रेरक कहानियों को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि अन्य पात्र नागरिक भी इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए आगे आ सकें।

Related Articles

Back to top button