सेवा संकल्प अभियान: सरखों आंगनबाड़ी में नन्हे बच्चों संग भाजपा नेताओं ने बांटी खुशियां, जमीन पर बैठकर किया सामूहिक भोज

डांस और फैंसी रेस प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया उत्साह; पदाधिकारियों ने खिलौने बांटे, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सेवाभाव को सराहा
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी के जिला पदाधिकारियों ने ग्राम सरखों स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 8 एवं 9 में पहुंचकर सेवा, संवेदना और अपनत्व की मिसाल पेश की। पदाधिकारियों ने नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ आत्मीय समय बिताया, उनकी खुशियों में सहभागी बने और बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा, पोषण, खेल-कूद एवं सर्वांगीण विकास से जुड़ी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी ली।
डांस व फैंसी रेस में बच्चों का उत्साह, बांटे गए खिलौने
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए डांस प्रतियोगिता एवं फैंसी रेस का आयोजन हुआ, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बच्चों की प्रतिभा और उत्साह ने वातावरण को आनंदमय बना दिया। भाजपा पदाधिकारियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके साथ खुशियां साझा कीं और उन्हें खिलौनों का वितरण किया।
बच्चों व कार्यकर्ताओं संग सामूहिक भोज
आंगनबाड़ी परिसर में सामूहिक भोज का आयोजन किया गया, जहां भाजपा पदाधिकारियों ने बच्चों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के साथ जमीन पर बैठकर आत्मीय माहौल में भोजन किया। पदाधिकारियों ने कहा कि सेवा केवल सहायता करने का नाम नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ अपनत्व, संवेदना और आत्मीयता से जुड़ने का भाव है। सेवा संकल्प अभियान इसी भावना को समाज में मजबूत करने का माध्यम है।
जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे उपस्थित
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती संतोषी दुबे (जिला मंत्री, भाजपा जांजगीर-चांपा), मुख्य वक्ता राकेश रूपवानी (जिला मीडिया प्रभारी, भाजपा जांजगीर-चांपा), श्रीमती उमा सोनी (प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य) एवं मेघा यादव (जिला मीडिया प्रभारी, महिला मोर्चा जांजगीर-चांपा) सहित पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इसके साथ ही ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती प्रीति बल्लू राठौर, जनपद सदस्य श्रीमती पूर्णिमा सिंह कंवर, पूर्व जनपद अध्यक्ष श्रीमती प्रीति देवी सिंह एवं पर्यवेक्षक श्रीमती शिप्रा साहू सहित पंचायत प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
आयोजन में आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 8 की कार्यकर्ता नफीस बानो, सहायिका दुर्गेश यादव, केंद्र क्रमांक 9 की कार्यकर्ता सावित्री लाठिया एवं सहायिका दरुस केवट सहित अन्य स्टाफ ने सहभागिता की। अंत में कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं के समर्पण की सराहना करते हुए बच्चों के बेहतर पोषण और सर्वांगीण विकास का संकल्प लिया गया।




