28 वर्षों का इंतजार खत्म, जांजगीर-चांपा को मिली क्षेत्रीय पर्यावरण कार्यालय की सौगात — विकास शर्मा

जिले में पांच अधिकारियों की पदस्थापना के साथ सेटअप तैयार; पर्यावरण संरक्षण और जनसुविधाओं को मिलेगी नई रफ्तार, भाजपा ने जताया आभार
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के समग्र विकास, पर्यावरण संरक्षण और प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक और बहुप्रतीक्षित उपलब्धि हासिल हुई है। जिले में लंबे समय से प्रतीक्षित क्षेत्रीय पर्यावरण कार्यालय की विधिवत स्थापना हो चुकी है और इसका कामकाज भी प्रारंभ हो गया है। लगभग 28 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद जिले को मिली यह सौगात जनहित और औद्योगिक-पर्यावरणीय संतुलन की दृष्टि से एक मील का पत्थर साबित होगी।
प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी की तत्परता से पूरी हुई मांग

भाजपा के जिला प्रवक्ता विकास शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि विगत 2 मई को जिले के प्रभारी मंत्री तथा छत्तीसगढ़ शासन के वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के जिला प्रवास के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष श्री अंबेश जांगड़े के नेतृत्व में जिले में क्षेत्रीय पर्यावरण कार्यालय खोले जाने की पुरजोर मांग रखी गई थी। मामले की गंभीरता और आवश्यकता को समझते हुए मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए इस पर त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए और कार्यालय की स्थापना को हरी झंडी प्रदान की। शासन स्तर से मिली इस त्वरित स्वीकृति का ही नतीजा है कि इतने कम समय में कार्यालय पूरी तरह अस्तित्व में आ गया।
5 अधिकारियों की नियुक्ति के साथ शुरू हुआ कार्य
विकास शर्मा ने बताया कि यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि कार्यालय का सेटअप पूरी तरह तैयार कर लिया गया है। इसके सुचारू संचालन के लिए पांच अधिकारियों की पदस्थापना भी कर दी गई है और कार्यालय में नियमित कामकाज शुरू हो चुका है। अब जिले में पर्यावरण संबंधी प्रकरणों के त्वरित निराकरण, विभागीय गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन और आम नागरिकों व उद्यमियों को आवश्यक अनुमतियों व सेवाओं के लिए अन्य जिलों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इससे स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक पारदर्शिता और कार्यकुशलता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
मुख्यमंत्री और प्रभारी मंत्री के प्रति जताया आभार
भाजपा जिला प्रवक्ता ने कहा कि 28 वर्षों से लंबित इस मांग का पूरा होना स्पष्ट करता है कि जब जनहित के मुद्दों को निष्ठा से उठाया जाए और नेतृत्व संवेदनशील हो, तो सकारात्मक परिणाम अवश्य मिलते हैं। यह उपलब्धि जिले में जनसुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए उन्होंने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय तथा वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। साथ ही, निरंतर प्रयासरत रहने के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष श्री अंबेश जांगड़े का भी धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने विश्वास जताया कि इस कार्यालय के खुलने से जांजगीर-चांपा जिले में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियानों को नई गति और दिशा मिलेगी।




