छत्तीसगढ़जाँजगीर -चाँपा

अग्निवीर बनने की तैयारी में जुटे युवाओं से रूबरू हुए SP विजय कुमार पाण्डेय: फिटनेस के साथ साइबर फ्रॉड से सतर्क रहने की दी नसीहत

पुलिस लाइन जांजगीर में साइबर अवेयरनेस कार्यक्रम आयोजित; डिजिटल अरेस्ट, अनजान लिंक और ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव के बताए तरीके

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। जिले के युवाओं को ऑनलाइन ठगी से सुरक्षित रखने और साइबर अपराधों के प्रति सचेत करने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस लाइन जांजगीर में अग्निवीर भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने युवाओं को संबोधित करते हुए साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण टिप्स दिए और उनका हौसला बढ़ाया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क, नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) योगिताबाली खापर्डे, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी सहित जिले के अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी से रहें सावधान

एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने युवाओं को वर्तमान में तेजी से फैल रहे साइबर अपराधों के तौर-तरीकों की जानकारी देते हुए सतर्क रहने को कहा। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि:

  • डिजिटल अरेस्ट का सच: किसी भी पुलिस अधिकारी या जांच एजेंसी द्वारा वीडियो कॉल के जरिए किसी को ‘डिजिटल अरेस्ट’ नहीं किया जाता। ऐसे झांसे में बिल्कुल न आएं।
  • गोपनीय जानकारी न करें साझा: किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर पैसे ट्रांसफर न करें। अपना ओटीपी (OTP), यूपीआई पिन (PIN), सीवीवी (CVV), पासवर्ड और बैंक विवरण किसी से साझा न करें।
  • संदिग्ध लिंक से दूरी: सोशल मीडिया या मैसेज में आए किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, इनसे मोबाइल में मालवेयर इंस्टॉल कर बैंक खाते खाली किए जा सकते हैं।
  • हेल्पलाइन नंबर: यदि कोई साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो बिना देर किए तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

कड़े अभ्यास और अनुशासन से हासिल होगा लक्ष्य

साइबर सुरक्षा के साथ-साथ पुलिस अधीक्षक ने अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं का मनोबल भी बढ़ाया। उन्होंने कहा कि सेना में भर्ती के लिए मानसिक मजबूती के साथ उत्कृष्ट शारीरिक फिटनेस अनिवार्य है। युवा एक स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर नियमित रूप से दौड़, व्यायाम और फिजिकल एक्टिविटीज का अभ्यास करें। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों को संतुलित खानपान, अनुशासित दिनचर्या अपनाने और पूरी लगन से मेहनत करने की सलाह दी।

Related Articles

Back to top button