जाँजगीर -चाँपा

तरबूज खाने के बाद 4 बच्चों की तबीयत बिगड़ी, 15 वर्षीय किशोर की मौत

फूड पॉइजनिंग की आशंका, तीन बच्चों का अस्पताल में इलाज जारी, गांव में पसरा मातम

जांजगीर चाम्पा। धुरकोट क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां तरबूज खाने के बाद चार बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इनमें 15 वर्षीय किशोर अखिलेश धीवर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि अन्य तीन बच्चों का अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पोड़ीदल्दा निवासी अखिलेश धीवर (15), अवरीद निवासी श्री धीवर (4), खटोला निवासी पिंटू धीवर (12) और कोटगढ़ निवासी हितेश धीवर (13) अपने परिजनों के साथ मामा के गांव धुरकोट आए हुए थे। सोमवार दोपहर घर में रखा तरबूज काटकर बच्चों ने खाया था।

बताया जा रहा है कि तरबूज खाने के कुछ घंटों बाद सबसे पहले अखिलेश की तबीयत बिगड़ने लगी। उसे तेज उल्टी-दस्त, सांस लेने में तकलीफ और घबराहट की शिकायत हुई। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे तत्काल एम्बुलेंस से जिला अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

वहीं अन्य तीन बच्चों में भी समान लक्षण दिखाई देने पर उन्हें जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल तीनों बच्चों की हालत सामान्य बताई जा रही है।

प्रारंभिक जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मामला फूड पॉइजनिंग का माना जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि तरबूज खराब था या उसमें किसी प्रकार का केमिकल अथवा संक्रमण मौजूद था। स्वास्थ्य विभाग द्वारा खाद्य नमूनों की जांच कराई जा सकती है।

गांव में पसरा मातम

किशोर की मौत के बाद गांव में मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों ने घटना पर दुख जताते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच और बाजार में बिक रहे फलों की निगरानी बढ़ाने की मांग की है। विशेषज्ञों ने भी गर्मी के मौसम में कटे हुए या लंबे समय तक खुले में रखे फलों के सेवन से बचने की सलाह दी है।

Related Articles

Back to top button