नैला पुलिस की त्वरित कार्रवाई: चैन स्नेचिंग की वारदात का कुछ ही घंटों में खुलासा

सुल्तान नगर में बेल्ट व मुक्कों से मारपीट कर लूटी थी ₹5,000 की चैन; पुलिस ने जूना तालाब के पास से दबोचा
जांजगीर-चांपा। 31 अगस्त 2026। जिले के थाना सिटी कोतवाली अंतर्गत पुलिस चौकी नैला क्षेत्र में मारपीट कर चांदी की चैन लूटने की गंभीर वारदात को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज कुछ ही घंटों में सुलझा लिया है। नैला पुलिस ने त्वरित घेराबंदी कर 19 वर्षीय शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लूटी गई 42 ग्राम वजनी चांदी की चैन भी बरामद कर ली है। आरोपी पूर्व में भी लूट के दो मामलों में जेल जा चुका है।
फोन कर बुलाया, फिर पीछे से आकर कर दी मारपीट
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रामप्रकाश यादव (निवासी वार्ड क्रमांक 05, नैला) ने चौकी नैला में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 30 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 3:20 बजे मनीष कश्यप ने उसे फोन कर सुल्तान नगर स्थित ईश्वरी यादव के घर के पास बुलाया। प्रार्थी जब वहां पहुंचकर बात कर रहा था, तभी आरोपी कोमल कश्यप उर्फ माऊ पीछे से आया और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी ने हाथ-मुक्के व बेल्ट से जानलेवा हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए प्रार्थी के गले से 42 ग्राम की चांदी की चैन लूटकर फरार हो गया।
तत्काल दर्ज हुआ केस, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एक्शन
प्रार्थी की शिकायत पर चौकी नैला में अपराध क्रमांक 641/2026, धारा 309(6), 296, 351(3), 115(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क एवं सीएसपी जांजगीर योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
जूना तालाब के पास से पकड़ाया आरोपी
चौकी प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र वैष्णव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को जूना तालाब के पास घेराबंदी कर हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से करीब ₹5,000 मूल्य की 42 ग्राम वजन वाली लूटी गई चांदी की चैन बरामद कर विधिवत जब्त की।
गिरफ्तार आरोपी:
- कोमल कश्यप उर्फ माऊ (पिता छतराम कश्यप, उम्र 19 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 04, नैला (जांजगीर-चांपा)
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस त्वरित कार्रवाई में निरीक्षक धर्मेंद्र वैष्णव सहित नैला चौकी स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।




