मुलमुला पुलिस का 24 घंटे में बड़ा एक्शन: छेड़छाड़ का आरोपी पवन बंजारे गिरफ्तार, भेजा रिमांड पर

महिला से छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस ने दी दबिश, आरोपी को भेजा न्यायिक रिमांड पर जेल
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। थाना मुलमुला क्षेत्र अंतर्गत एक महिला से छेड़छाड़ करने के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई की है। पीड़िता द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के महज 24 घंटे के भीतर पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी को धर दबोचा और विधिवत कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे जेल भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने थाना मुलमुला में अनावेदक के खिलाफ अशोभनीय व्यवहार और छेड़छाड़ की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। रिपोर्ट पर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपी पवन बंजारे (37 वर्ष), निवासी ग्राम हाड़ादहरा (बोहारडीह) के विरुद्ध अपराध क्रमांक 399/2026, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
दबिश देकर पकड़ा, जुर्म कबूलने पर भेजा रिमांड पर
महिला अपराध से जुड़े इस संवेदनशील मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपी पवन बंजारे को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा घटना घटित करना स्वीकार किए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया गया।
महिला सुरक्षा को लेकर की गई इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवानंद सिंह एवं थाना मुलमुला स्टाफ की तत्परता और सक्रिय भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला सुरक्षा के मामलों में त्वरित कार्रवाई और सख्त कानूनी कदम लगातार जारी रहेंगे।




