माता शबरी की पावन धरा पर तीन दिवसीय शिवरीनारायण महोत्सव का आगाज कल से, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे शुभारंभ

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और वित्त मंत्री ओपी चौधरी होंगे अतिविशिष्ट अतिथि; 14 से 16 अक्टूबर तक मेला ग्राउंड में भव्य आयोजन
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। माता शबरी की पावन धरा और भगवान श्री शिवरीनारायण जी के पवित्र धाम में नवरात्रि एवं दशहरा मेला के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय ‘शिवरीनारायण महोत्सव’ का भव्य आयोजन 14 से 16 अक्टूबर तक मेला ग्राउंड में किया जा रहा है। इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ बुधवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मुख्य आतिथ्य में होगा। महोत्सव के उद्घाटन समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, जिले के प्रभारी एवं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी तथा श्रीमती कौशल्या विष्णुदेव साय अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

वरिष्ठ जनप्रतिनिधि व संत समाज रहेंगे उपस्थित
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में जांजगीर-चांपा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पाण्डेय, पामगढ़ विधायक श्रीमती शेषराज हरबंश, महंत रामसुंदर दास, प्रज्ञा भारती, पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सत्यलता आनंद मिरी, नगर पंचायत अध्यक्ष राहुल थवाईत, संतोष लहरे, पूर्व अध्यक्ष संजय अग्रवाल एवं लोकेश शुक्ला मंचासीन रहेंगे।
मेला ग्राउंड में तैयारियां पूरी
तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव को लेकर शिवरीनारायण स्थित मेला ग्राउंड में व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मेले के आयोजन को देखते हुए जिला व स्थानीय प्रशासन द्वारा सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।




