सेवा संकल्प अभियान के तहत जांजगीर में जिला स्तरीय नुक्कड़ नाटक संपन्न, विकसित छत्तीसगढ़ और स्वच्छता पर विद्यार्थियों ने किया जागरूक

सेजेस क्रमांक-2 के छात्रों ने नुक्कड़ नाटक और हैंडवॉश डांस से दिया नशामुक्त समाज का संदेश; जनप्रतिनिधि व अधिकारी रहे मौजूद
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सामाजिक जागरूकता, स्वच्छता और राष्ट्र निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजेस) क्रमांक-2 जांजगीर में जिला स्तरीय नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रभावशाली कलात्मक प्रस्तुतियों से सामाजिक बुराइयों पर कड़ा प्रहार करते हुए नशामुक्त भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को मंच पर सशक्त अभिव्यक्ति दी।
नाटकों के मंचन से नशे के दुष्परिणामों पर प्रहार
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने ‘नशामुक्त भारत’ तथा ‘विकसित छत्तीसगढ़ से विकसित भारत’ विषय पर दो अत्यंत प्रेरणादायी नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया। अभिनय के माध्यम से बच्चों ने समाज में पैर पसारते नशे के गंभीर दुष्प्रभावों, स्वस्थ समाज के निर्माण, नागरिक कर्तव्यों और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास में जनभागीदारी की महत्ता को रेखांकित किया। छात्र-छात्राओं की जीवंत अभिनय शैली और संदेशपरक संवादों ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया।
हैंडवॉश एक्टिविटी डांस बना विशेष आकर्षण
आयोजन का मुख्य आकर्षण स्वच्छता एवं व्यक्तिगत स्वास्थ्य पर आधारित ‘हैंडवॉश एक्टिविटी डांस’ रहा। विद्यार्थियों ने लयबद्ध नृत्य के माध्यम से हाथ धोने के सही तरीकों और दैनिक जीवन में स्वच्छता के महत्व को रोचक अंदाज में पेश किया। इस प्रस्तुति ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि स्वच्छता केवल एक आदत नहीं, बल्कि निरोगी और स्वस्थ जीवन की मजबूत आधारशिला है।
जनप्रतिनिधि, अधिकारी और शिक्षक रहे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्य रूप से नगर पालिका जांजगीर-नैला की अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष विकास शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी राकेश रूपवानी, सोशल मीडिया प्रभारी पुष्पेंद्र निर्मलकर, पार्षद देव गढ़ेवाल तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) अशोक पटले उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों के हुनर की सराहना करते हुए समाज निर्माण में उनकी भूमिका को सराहा।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक संदीप राठौर, प्रीतिका तरुण, पूजा चतुर्वेदी, सुनीता श्रीवास्तव, संजू लदेर, भूमिका देवांगन, सुनीला साहू, संजय पात्रे, संकुल स्रोत समन्वयक (CAC) दीपक थवाइत तथा शाला विकास समिति के अध्यक्ष श्री गढ़ेवाल एवं उपाध्यक्ष कालिंद्री राठौर विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता सैयद रफीक ने किया तथा आभार प्रदर्शन संस्था के प्राचार्य गोविंद प्रसाद चौरसिया ने किया।




