Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपा

सड़कों से हटेंगे आवारा मवेशी और अवैध अतिक्रमण: सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर सख्त, ब्लैक स्पॉट सुधारने के दिए निर्देश

हादसों की रोकथाम के लिए लगेंगे रेडियम संकेतक, ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। जिले में आए दिन होने वाले सड़क हादसों को रोकने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाने की तैयारी कर ली है। कलेक्ट्रेट में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक लेते हुए कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने दोटूक कहा कि सड़कों पर मवेशियों का जमावड़ा और अवैध अतिक्रमण हादसों की सबसे बड़ी वजह बनते हैं, जिन पर तत्काल कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने पुलिस, परिवहन और राजस्व विभाग को आपसी तालमेल बनाकर जमीनी स्तर पर असरदार कदम उठाने के निर्देश दिए।

ब्लैक स्पॉट दुरुस्त करने और संकेतक लगाने के आदेश

बैठक में कलेक्टर ने जिले के दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट) की समीक्षा की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन खतरनाक मोड़ों और स्थानों पर तुरंत जरूरी तकनीकी सुधार किए जाएं। रात्रिकालीन हादसों को रोकने के लिए सड़कों पर रेडियम मार्किंग, चेतावनी संकेतक (साइन बोर्ड) और जहां जरूरत हो वहां बेहतर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि चालकों को दूर से ही रास्ता साफ नजर आए।

सड़क पर बैठे मवेशियों और अवैध कब्जों

सड़कों पर बैठे आवारा पशुओं से होने वाली दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए कलेक्टर ने नगरीय निकायों और संबंधित अमले को इन्हें मुख्य मार्गों से हटाने की मुहिम तेज करने को कहा। इसके साथ ही सड़कों के किनारों पर दुकानदारों व लोगों द्वारा किए गए अवैध कब्जों को हटाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए, जिससे यातायात सुगम हो सके।

‘राहगीर योजना’ का होगा प्रचार

यातायात नियमों के पालन को लेकर कलेक्टर ने पुलिस और परिवहन विभाग को तेज रफ्तार, बिना हेलमेट और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार चालानी कार्रवाई जारी रखने को कहा। साथ ही सड़क हादसों में घायल लोगों की जान बचाने के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही ‘राहगीर योजना’ का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिक बिना किसी डर के घायलों की मदद के लिए आगे आएं।

बैठक में अपर कलेक्टर  ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  उदयन बेहार, जिला परिवहन अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button