Chhattisgarhक्राइमजाँजगीर -चाँपा

पामगढ़ पुलिस की कार्रवाई: पुरानी रंजिश में प्राणघातक हमला करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 2 आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल

चण्डीपारा मेन रोड पर चाकू व बेसबॉल स्टिक से युवक पर किया था जानलेवा वार, फरार चल रहे आकाश जायसवाल को पुलिस ने भेजा न्यायिक रिमांड पर

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर युवक पर चाकू और बेसबॉल स्टिक से प्राणघातक हमला करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी का नाम आकाश जायसवाल उर्फ आगा (27 वर्ष) है, जो चण्डीपारा, पामगढ़ का निवासी है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है।

पुराने विवाद को लेकर रोका था रास्ता

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को गाय को मारकर भागने की बात को लेकर पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते 16 सितंबर 2026 की रात करीब 8:15 बजे जब प्रार्थी कमलेश यादव अपने साथी गोलू उर्फ संजय मिरी के साथ मोटरसाइकिल से पामगढ़ की ओर आ रहा था, तभी चण्डीपारा मेन रोड स्थित यासनी मंजिल के पास आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी।

चाकू और बेसबॉल स्टिक से किया था हमला

विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। मुख्य आरोपी आकाश जायसवाल ने चाकू से संजय मिरी पर वार किया, जिससे वह लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं मुक्कु यादव ने बेसबॉल स्टिक और रितेश जायसवाल ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल संजय मिरी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया था।

अपराध दर्ज कर पुलिस ने की कार्रवाई

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पामगढ़ में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 389/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। मामले में पूर्व में आरोपी रितेश जायसवाल और मुक्कु यादव को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि मुख्य आरोपी आकाश जायसवाल घटना के बाद से फरार चल रहा था। पामगढ़ पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर मुख्य आरोपी आकाश जायसवाल को धर दबोचा और वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश सूर्यवंशी एवं पामगढ़ पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button