जाँजगीर -चाँपाधर्म भक्ति

शिवरीनारायण पहुंचे CM विष्णु देव साय: सपत्नीक किए भगवान नर-नारायण व जगन्नाथ जी के दर्शन; मठ मंदिर में गौ माता को गुड़-केला खिलाकर की पूजा

आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र है शिवरीनारायण’: मुख्यमंत्री ने की प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार, 14 अक्टूबर को जांजगीर-चांपा जिले की ऐतिहासिक और पावन धार्मिक नगरी शिवरीनारायण पहुंचकर सपत्नीक भगवान नर-नारायण के दर्शन किए। मुख्यमंत्री ने मंदिर में पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने भगवान नर-नारायण से प्रार्थना करते हुए कहा कि ईश्वर की कृपा से छत्तीसगढ़ निरंतर विकास, शांति और प्रगति के पथ पर आगे बढ़े तथा समाज में आपसी सद्भाव और भाईचारा सुदृढ़ रहे।

मठ मंदिर में गौ माता का पूजन, संतों से की आत्मीय भेंट

भगवान नर-नारायण के दर्शन के उपरांत मुख्यमंत्री श्री साय शिवरीनारायण स्थित प्रसिद्ध मठ मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने गौ माता को गुड़ और केला खिलाया तथा माल्यार्पण कर श्रद्धापूर्वक पूजन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौ सेवा हमारी सनातन संस्कृति और लोकपरंपरा का अभिन्न अंग है। छत्तीसगढ़ की ग्रामीण जीवनशैली, कृषि परंपरा और लोकआस्था में गौ माता का सदैव सर्वोच्च स्थान रहा है। मठ मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री ने उपस्थित संतों एवं श्रद्धालुओं से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने रेखांकित किया कि हमारे मठ-मंदिर केवल पूजा स्थल नहीं, बल्कि सदियों से समाज को संस्कार, सेवा, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना से जोड़ने वाले केंद्र हैं।

जगन्नाथ मंदिर में टेका मत्था; महानदी, शिवनाथ और जोंक के संगम की महत्ता बताई

मुख्यमंत्री ने धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ शिवरीनारायण स्थित जगन्नाथ मंदिर में भी विधिवत पूजा-अर्चना कर शीश नवाया। उन्होंने भगवान जगन्नाथ से सभी नागरिकों के उत्तम स्वास्थ्य व कल्याण की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि महानदी, शिवनाथ और जोंक नदी के पावन संगम के तट पर बसी यह धर्मनगरी सदियों से श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रही है। यहां की समृद्ध धार्मिक परंपराएं और सांस्कृतिक मान्यताएं छत्तीसगढ़ को विशिष्ट पहचान दिलाती हैं।

माता शबरी की भक्ति और प्रभु श्रीराम की स्मृतियों से जुड़ी धरा: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि शिवरीनारायण का नाम आते ही माता शबरी की अनन्य भक्ति और प्रभु श्रीराम के प्रति उनके अगाध प्रेम व समर्पण का पावन स्मरण होता है। यह पावन भूमि हमें सामाजिक समरसता और समर्पण की प्रेरणा देती है। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ के धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थलों के समग्र संरक्षण, संवर्धन और पहचान को सशक्त करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

केंद्रीय मंत्री, वित्त मंत्री, सांसद सहित जनप्रतिनिधि व अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, राजेश्री महंत रामसुंदर दास, पूर्व संसदीय सचिव अम्बेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती प्रियंका सिंह, अमर सुल्तानिया, पुष्पेंद्र सिंह, आकाश सिंह, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button