जाँजगीर -चाँपा

अधिकारी संयमित एवं संवेदनशील व्यवहार रखें, नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनें, जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें – कलेक्टर

मितव्ययिता को बढ़ावा देने कलेक्टर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ली समय-सीमा की बैठक

जिला सभाकक्ष से जुड़े जिला स्तरीय अधिकारी, विकासखंड स्तरीय अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से हुए शामिल

वाहनों के साझा उपयोग, ऑनलाइन बैठकों एवं ई-ऑफिस प्रणाली को प्रभावी बनाने के निर्देश

स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने कलेक्टर ने दिए निर्देश

निर्माण कार्यों की जानकारी जिले की वेबसाइट एवं निर्माण पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपडेट करने के निर्देश

सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध निराकरण के दिए निर्देश

जांजगीर-चांपा, 18 मई 2026। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने शासन के मितव्ययिता एवं वित्तीय अनुशासन संबंधी निर्देशों के अनुरूप समय-सीमा बैठक की नई व्यवस्था लागू की है। सोमवार को आयोजित बैठक में जिला मुख्यालय में पदस्थ अधिकारी जिला कार्यालय के सभाकक्ष में उपस्थित रहे, जबकि विकासखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बैठक

जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी तथा तहसीलदार अपने-अपने विकासखंड मुख्यालय स्थित स्वान कक्ष से ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए। कलेक्टर ने अधिकारियों को अधीनस्थ कर्मचारियों की बैठकें भी यथासंभव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित करने कहा।

वाहनों के साझा उपयोग के निर्देश

कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को वाहनों का साझा उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ई-ऑफिस प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया, ताकि शासकीय कार्यों में पारदर्शिता और मितव्ययिता बनी रहे।

निर्माण कार्यों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग

बैठक में कलेक्टर ने जिले में स्वीकृत एवं प्रगतिरत निर्माण कार्यों की जानकारी नियमित रूप से जिले की वेबसाइट एवं निर्माण पोर्टल पर अपडेट करने कहा। उन्होंने कहा कि इससे कार्यों की सतत मॉनिटरिंग और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।

जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता

कलेक्टर ने मुख्यमंत्री की मंशानुरूप अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संवेदनशील और मर्यादित व्यवहार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मूल उद्देश्य नागरिकों की सेवा करना है और प्रत्येक अधिकारी को जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।

स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने अधिकारियों को अपने दायित्वों के प्रति गंभीर और संवेदनशील रहने के निर्देश दिए।

सुशासन तिहार के आवेदनों पर जोर

कलेक्टर ने कहा कि सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविरों में प्राप्त आवेदनों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को शिविरों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए।

पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

गर्मी के मौसम को देखते हुए कलेक्टर ने पेयजल व्यवस्था सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने खराब हैंडपंपों एवं नल-जल योजनाओं की तत्काल मरम्मत कराने तथा जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक जल व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा।

खरीफ सीजन की तैयारियों की समीक्षा

बैठक में आगामी खरीफ सीजन को लेकर खाद एवं बीज की उपलब्धता की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कृषि विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद एवं बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

अतिक्रमण हटाने अभियान पर जोर

कलेक्टर ने जिले में अतिक्रमण हटाने अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न निर्माण कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभागीय गतिविधियों की समीक्षा भी की गई।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ  गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर  ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर  आर.के. तम्बोली, संयुक्त कलेक्टर  संदीप सिंह ठाकुर सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

10023456455512351453619826085

Related Articles

Back to top button