Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपा

कलेक्टोरेट में रेडक्रॉस की जिला स्तरीय समीक्षा: राज्य चेयरमैन, कलेक्टर व SP ने एचआईवी रथ को दिखाई हरी झंडी; अंगदान संकल्पकर्ताओं का सम्मान

टीबी मरीजों को बांटी गई निक्षय पोषण किट; 2 अक्टूबर को जिले भर में लगेंगे रक्तदान व अंगदान संकल्प शिविर, पंचायतों के सहयोग से चलेगा नशा मुक्ति अभियान

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में बुधवार को भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रेडक्रॉस के छत्तीसगढ़ राज्य चेयरमैन तोमन साहू ने की। इस दौरान प्रशासनिक तालमेल और जनभागीदारी के जरिए जिले में स्वास्थ्य जागरूकता और सेवा गतिविधियों को गति देने का निर्णय लिया गया। बैठक के बाद कलेक्टोरेट परिसर से एचआईवी/एड्स जागरूकता रथ और कला जत्था को हरी झंडी दिखाकर ग्रामीण अंचलों के लिए रवाना किया गया।

जागरूकता रथ रवाना

रेडक्रॉस राज्य चेयरमैन तोमन साहू, वाइस चेयरमैन बालाराम साहू, सदस्य गिरीश कुर्रे, कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय ने संयुक्त रूप से एचआईवी/एड्स जागरूकता प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाई। यह रथ कला जत्था के साथ जिले के हाट-बाजारों और ग्रामीण क्षेत्रों में घूमकर लोगों को बीमारी से बचाव, सावधानियों और समय पर जांच के प्रति जागरूक करेगा।

पोषण किट व सम्मान

कार्यक्रम के दौरान टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत चिह्नित मरीजों को ‘निक्षय पोषण किट’ का वितरण किया गया, ताकि उपचार के दौरान उनका पोषण स्तर बेहतर बना रहे। इसके साथ ही समाज में मिसाल पेश करते हुए अंगदान का संकल्प लेने वाले जागरूक नागरिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

2 अक्टूबर को महाशिविर

बैठक में राज्य चेयरमैन तोमन साहू ने निर्देश दिए कि 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर स्वैच्छिक रक्तदान एवं अंगदान संकल्प शिविर का बड़े पैमाने पर आयोजन किया जाए। उन्होंने जूनियर रेडक्रॉस (JRC) और यूथ रेडक्रॉस (YRC) की गतिविधियों को सक्रिय करने, ‘सुरक्षा मित्र’ और जिला अंगदान समिति के गठन की प्रक्रिया तेज करने पर बल दिया। इसके अलावा सिकलसेल और नशा मुक्ति के लिए ग्राम पंचायतों के साथ मिलकर सघन जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

प्रशासनिक तालमेल पर जोर

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिले में रेडक्रॉस सोसायटी के सदस्यता विस्तार, कार्यालयीन व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य अभियानों में जनभागीदारी बढ़ाने के संबंध में रूपरेखा रखी।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, सीएमएचओ डॉ. अनिता श्रीवास्तव, जिला कार्यक्रम प्रबंधक उत्कर्ष तिवारी, सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. बी.एल. जागृति सहित रेडक्रॉस समिति के सदस्य और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button