शादी में DJ बजाने को लेकर खूनी संघर्ष, युवक पर रांपा से जानलेवा हमला; 3 आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जिले के थाना मुलमुला क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बनाहिल में शादी की खुशियां उस वक्त दहशत में बदल गईं, जब डीजे बजाने की बात को लेकर कुछ युवकों ने एक राय होकर जानलेवा हमला कर दिया। प्रार्थी की शिकायत पर तत्परता दिखाते हुए मुलमुला पुलिस ने घटना के महज कुछ ही घंटों के भीतर तीनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 22 फरवरी 2026 की है। ग्राम बनाहिल निवासी राकेश केंवट ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने दोस्त विकास केंवट की बहन की शादी के ‘चुलमाटी’ कार्यक्रम में शामिल था। वहां डीजे बज रहा था, तभी गांव का ही दिलीप केंवट हाथ में रांपा (फावड़ा जैसा औजार) लेकर आया और गाली-गलौज करते हुए डीजे बंद कराने की जिद करने लगा। जब राकेश ने उसे गाली देने से मना किया, तो विवाद बढ़ गया। आरोपी दिलीप ने हत्या करने की नीयत से राकेश के सिर पर रांपा से जोरदार वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसी बीच आरोपी के साथी दुर्गेश केंवट और साहिल केंवट भी डंडा लेकर वहां पहुंचे और जमीन पर गिरे राकेश की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता और गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। थाना प्रभारी मुलमुला निरीक्षक पारस पटेल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को उनके ठिकाने से हिरासत में लिया।
गिरफ्तार आरोपी
दिलीप केंवट (27 वर्ष), पिता श्याम लाल दुर्गेश केंवट (26 वर्ष), पिता श्याम लाल साहिल केंवट (19 वर्ष), पिता अनुज
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 (अश्लील कृत्य/गाली-गलौज), 109 (हत्या का प्रयास) और 3(5) (साझा इरादा) के तहत मामला दर्ज किया है। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उन्हें 23 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।




