देश-विदेशहादसा

रांची-दिल्ली एयर एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त विमान में सवार थे सात लोग, DGCA का बयान जारी; जांच के लिए AAIB टीम रवाना


रांची। झारखंड की राजधानी रांची से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाला एक मेडिकल एयर एंबुलेंस विमान सोमवार को तकनीकी खराबी के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह विमान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से शाम 7:11 बजे उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद रडार से गायब हो गया था। बाद में इसके चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कसारिया पंचायत इलाके में दुर्घटनाग्रस्त होने की पुष्टि हुई।


फ्लाइट में सवार थे सात लोग
चतरा के पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि विमान में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें एक मरीज, एक डॉक्टर, एक पैरामेडिक, मरीज का एक अटेंडेंट और दो क्रू मेंबर शामिल थे। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव कार्य जारी है और घटनास्थल पर खोज व प्रारंभिक जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।


DGCA का आधिकारिक बयान
इस हादसे को लेकर नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने बयान जारी करते हुए कहा है
“23 फरवरी 2026 को Redbird Airways Pvt Ltd का Beechcraft C90 विमान (VT-AJV), जो रांची से दिल्ली के लिए मेडिकल एंबुलेंस (Air Ambulance) फ्लाइट के रूप में संचालित हो रहा था, झारखंड के चतरा जिले के कसारिया पंचायत क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें दो क्रू मेंबर शामिल थे।”
DGCA के अनुसार विमान उड़ान के बाद कोलकाता एटीसी के संपर्क में था, लेकिन शाम 7:34 बजे, वाराणसी से लगभग 100 नौटिकल मील दक्षिण-पूर्व में विमान का रेडार और रेडियो संपर्क टूट गया।


जांच के लिए AAIB टीम भेजी गई
DGCA ने बताया कि चतरा जिला प्रशासन की खोज और बचाव टीमें घटनास्थल पर पहुंच चुकी हैं। वहीं, दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच के लिए एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की टीम भी मौके पर भेजी जा रही है।
फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। हादसे में जानमाल के नुकसान और सवार लोगों की स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button