सूने मकान में चोरी करने वाले मां-बेटे गिरफ्तार, बलौदा पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई गुत्थी

जांजगीर चाम्पा। बलौदा पुलिस ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के खिलाफ नए कानून (BNS) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी संजय मिरी निवासी बलौदा बीते 16 फरवरी को अपने परिवार के साथ एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने बाहर गए थे। जब वे 23 फरवरी को वापस लौटे, तो घर के कमरे का ताला टूटा हुआ मिला। प्रार्थी ने पाया कि कोई अज्ञात चोर घर के अंदर से सोने का हार, आधार कार्ड और 20,000 रुपये नगद ले उड़ा है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर बलौदा थाना में अपराध क्रमांक 85/2026 दर्ज किया गया।
CCTV और मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में थाना बलौदा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। जांच के दौरान जावलपुर निवासी दिव्यांशु सूर्यवंशी उर्फ भईया (19 वर्ष) और सुशीला बाई सूर्यवंशी (36 वर्ष) पर संदेह होने पर उन्हें हिरासत में लिया गया।
मां-बेटे ने कबूला जुर्म, नगदी बरामद
पुलिस की कड़ी और वैज्ञानिक पूछताछ के सामने दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने चोरी किए गए 20,000 रुपये बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 331(4) और 305(a) BNS के तहत वैधानिक कार्यवाही करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
इस कार्यवाही में निरीक्षक मनोहर सिन्हा, सउनि प्रतिभा राठौर, प्र.आर. नवीन सिंह, आरक्षक रज्जू रात्रे, संतोष रात्रे, रज्जू टण्डन, संदीप सोनंत और महिला आरक्षक चन्द्रप्रभा शांतेय का महत्वपूर्ण योगदान रहा।




