Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपा

महतारी वंदन: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी महिलाओं को खुशियों की सौगात, जांजगीर-चांपा की 2.81 लाख महिलाओं के खातों में पहुंची राशि


जांजगीर-चांपा। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने प्रदेश की मातृशक्ति को बड़ा सम्मान दिया है। मुख्यमंत्री ने ‘महतारी वंदन योजना’ के तहत राज्य स्तरीय सम्मेलन के माध्यम से जांजगीर-चांपा जिले की 2 लाख 81 हजार 259 महिला हितग्राहियों के बैंक खातों में योजना की 25वीं किस्त की राशि सीधे अंतरित की।


मुख्यमंत्री ने नवागढ़ की सरस्वती से किया वर्चुअल संवाद
कार्यक्रम के दौरान एक विशेष क्षण तब आया जब मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने वर्चुअल माध्यम से जांजगीर-चांपा जिले के विकासखंड नवागढ़ के ग्राम तेंदुभाठा निवासी श्रीमती सरस्वती केंवट से सीधा संवाद किया। इस चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने योजना के लाभ और महिलाओं के जीवन में आ रहे सकारात्मक बदलावों की जानकारी ली।


ऑडिटोरियम जांजगीर में भव्य आयोजन
जांजगीर के ऑडिटोरियम में आयोजित इस भव्य ‘महतारी वंदन सम्मेलन’ और मेगा हेल्थ कैम्प में बड़ी संख्या में महिलाएं और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।  जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवा गढ़ेवाल, कलेक्टर जन्मेजय महोबे सहित अन्य वरिष्ठ नेता और अधिकारी उपस्थित रहे।

सशक्तिकरण पर जोर: जिला पंचायत अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि मातृशक्ति हमारे समाज के लिए वंदनीय है। आज छत्तीसगढ़ की महिलाएं ‘महतारी वंदन’ और ‘बीसी सखी’ जैसी योजनाओं से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं।


बेटियों की प्रतिभा और जल संरक्षण का आह्वान
कलेक्टर  जन्मेजय महोबे ने कहा कि हमारी बेटियां आज शिक्षा से लेकर विज्ञान और प्रशासन तक हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित कर रही हैं। उन्होंने समाज से बेटियों को शिक्षित और सुरक्षित बनाने की अपील की। साथ ही, गिरते भू-जल स्तर को देखते हुए महिलाओं से ‘जल संचय अभियान’ और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया गया।
ऋण वितरण और मेगा हेल्थ कैम्प

आर्थिक सहायता: कार्यक्रम के दौरान ‘सक्षम योजना’ और ‘छत्तीसगढ़ महिला कोष’ के अंतर्गत ऋण योजना के तहत पात्र महिलाओं को ऋण राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

स्वास्थ्य जांच: मेगा हेल्थ कैम्प के माध्यम से उपस्थित महिलाओं की निशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिए गए।

Related Articles

Back to top button