छत्तीसगढ़पॉलिटिक्स

‘हमने उगाया है, हम ही उजाड़ेंगे’ : अफीम कांड पर विधायक शेषराज हरबंश का करारा कटाक्ष

संवारने का दावा करने वाली भाजपा के राज में नेताओं के खेतों में लहलहा रही अफीम, विधायक ने पूछा यही है आपका सुशासन?

पामगढ़। विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की मुखर विधायक शेषराज हरबंश ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और सत्ताधारी दल के दावों पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के प्रसिद्ध नारे “हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे” पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात देखकर लगता है कि भाजपा का नया एजेंडा “हमने (नशा) उगाया है, हम ही (युवा पीढ़ी को) उजाड़ेंगे” बन गया है।

सत्ता के संरक्षण में ‘अफीम की महक’

विधायक शेषराज हरबंश ने भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के यहां पकड़ी गई अफीम की खेती का जिक्र करते हुए कहा कि यह प्रदेश के इतिहास का काला अध्याय है। उन्होंने कहा, “जो पार्टी प्रदेश को संवारने का दावा करती है, उनके नेताओं के खेतों में नशे की फसल लहलहा रही है। भाजपा का यह कैसा सुशासन है, जहाँ रक्षक ही अफीम की खेती के सौदागर बन बैठे हैं?” उन्होंने आरोप लगाया कि संवारने के नाम पर प्रदेश के भविष्य को उजाड़ने की तैयारी की जा रही है।

‘नव्या मालिक’ केस और ड्रग्स की गिरफ्त में राजधानी

विधायक ने रायपुर के चर्चित ‘नव्या मालिक’ ड्रग मामले को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि आज छत्तीसगढ़ की राजधानी ड्रग्स का हब बनती जा रही है।
उन्होंने कहा, “नव्या मालिक जैसे मामले तो सिर्फ बानगी हैं, असल में सफेदपोशों के संरक्षण में सिंथेटिक ड्रग्स का कारोबार गलियों तक पहुंच चुका है।”
साथ ही सवाल उठाया कि क्या सरकार बड़े ड्रग सिंडिकेट्स पर सख्त कार्रवाई करने का साहस जुटाएगी या फिर अपनों को बचाने का खेल चलता रहेगा।

बेटियों और युवाओं के भविष्य से समझौता नहीं

महिला विधायक होने के नाते शेषराज हरबंश ने कहा कि नशा केवल अपराध नहीं बल्कि समाज और परिवारों को बर्बाद करने वाला अभिशाप है। उन्होंने कहा कि वे सदन से लेकर सड़क तक भाजपा के इस कथित “ड्रग मॉडल” के खिलाफ मजबूती से लड़ाई जारी रखेंगी।

Related Articles

Back to top button