जाँजगीर -चाँपा

घरेलू गैस सिलेंडर के दुरुपयोग पर खाद्य विभाग की छापेमारी, कई होटल-भोजनालयों में कार्रवाई

जांजगीर-चांपा। जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की कालाबाजारी और व्यावसायिक दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए खाद्य विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने जांजगीर और चांपा के कई होटल व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में छापेमारी कर घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए।

कई होटल-भोजनालयों में जांच

जिला खाद्य अधिकारी कौशल साहू ने बताया कि कार्रवाई के दौरान चांपा स्थित करणी भोजनालय, पंजाब हवेली रेस्टोरेंट, जलाराम भोजनालय और होटल सुमित इन की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान इन प्रतिष्ठानों में गैस सिलेंडर के उपयोग की जांच की गई।

होटल श्री गणेश से घरेलू सिलेंडर जब्त

चांपा के स्टेशन रोड स्थित होटल श्री गणेश में घरेलू गैस सिलेंडर से ग्राहकों के लिए भोजन पकाया जाना पाया गया। इस पर होटल के संचालक राजेश तिवारी के कब्जे से 2 घरेलू गैस सिलेंडर, एक प्रेशर रेगुलेटर, एक गैस पाइप और एक गैस चूल्हा जब्त किया गया।

होटल सोना में भी मिला दुरुपयोग

इसी तरह रेलवे स्टेशन चांपा स्थित होटल सोना में भी घरेलू गैस सिलेंडर से नाश्ता तैयार किया जा रहा था। इस मामले में होटल की संचालक प्रेमलता यादव के कब्जे से 2 गैस सिलेंडर, एक प्रेशर रेगुलेटर, एक गैस पाइप और एक गैस चूल्हा जब्त किया गया।

जांजगीर के पराठा हाउस में भी कार्रवाई

जांजगीर स्थित पराठा हाउस में जांच के दौरान घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर 2 गैस सिलेंडर, 2 गैस चूल्हे, 2 प्रेशर रेगुलेटर और 2 गैस पाइप जब्त किए गए।

इन धाराओं के तहत हुई कार्रवाई

खाद्य विभाग ने संबंधित सभी प्रतिष्ठानों के खिलाफ द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश 2000 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत कार्रवाई की है।

Related Articles

Back to top button