जाँजगीर -चाँपा

जांजगीर-चांपा में बाल संरक्षण विशेष अभियान जारी, सड़क पर रहने वाले बच्चों की सूचना हेल्पलाइन पर दें

बाल श्रमिक, भिक्षावृत्ति, कचरा संग्रहण और नशे की चपेट में आए बच्चों की पहचान व पुनर्वास के लिए पूरे जून माह तक चलेगा विशेष अभियान।

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा

जांजगीर-चांपा जिले में सड़क जैसी परिस्थितियों में जीवन यापन करने वाले बच्चों के स्थायी पुनर्वास के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिता अग्रवाल के मार्गदर्शन में यह अभियान 1 जून से 30 जून 2026 तक जिलेभर में चलाया जा रहा है।

बाल सक्षम नीति के तहत कार्रवाई

जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने बताया कि बाल सक्षम नीति 2022 के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत बाल श्रमिक, अपशिष्ट संग्राहक (कचरा बीनने वाले), भिक्षावृत्ति में लिप्त तथा सड़क जैसी परिस्थितियों में रहने वाले बच्चों की पहचान कर उनके बचाव और पुनर्वास के लिए जिला स्तर पर विभिन्न विभागों के सहयोग से रेस्क्यू टीम गठित की गई है।

चिन्हित स्थानों पर सर्वे और निगरानी

अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न हॉटस्पॉट क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थलों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, मंदिरों, बाजारों, स्लम बस्तियों तथा अन्य स्थानों पर गहन सर्वेक्षण किया जा रहा है। खोखरा मंदिर, नहरिया बाबा मंदिर और शांति नगर सहित चिन्हित क्षेत्रों में ड्रॉपआउट बच्चों एवं जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में रहने वाले बालकों की जानकारी एकत्रित की जा रही है।

सूचना मिलने पर तुरंत करें संपर्क

महिला एवं बाल विकास विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी बाल श्रमिक, भिक्षावृत्ति में लिप्त, कचरा संग्रहण करने वाले, नशे की चपेट में आए या सड़क पर रहने वाले बच्चे दिखाई दें तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित विभाग या हेल्पलाइन नंबरों पर दें, ताकि बच्चों को सुरक्षित वातावरण और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर:

चाइल्ड हेल्पलाइन : 1098

मोबाइल : 9827771819

मोबाइल : 8963997174

Related Articles

Back to top button