जांजगीर चाम्पा: बाहरी मजदूरों व किरायेदारों का पुलिस ने किया सत्यापन, 150 दस्तावेज जांचे; 130 लोगों से पूछताछ

एसपी विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर चला सघन अभियान, 50 पुलिसकर्मियों की पांच टीमों ने की कार्रवाई
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को थाना क्षेत्र में दूसरे राज्यों से आए मजदूरों एवं किरायेदारों के सत्यापन के लिए विशेष अभियान चलाया। पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान इंडस्ट्रियल एरिया, रेलवे स्टेशन के आसपास कार्यरत बाहरी मजदूरों तथा विभिन्न गांवों में किराये पर रह रहे लोगों के पहचान संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन किया गया।
50 पुलिसकर्मियों की पांच टीमों ने संभाली कमान
पुलिस के अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यॉर्क, नगर पुलिस अधीक्षक योगिताबाली खापर्डे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पांच अलग-अलग टीमों के 50 पुलिसकर्मियों ने ग्राम बनारी, पुटपुरा, तिलई एवं धनवा सहित थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाया।
150 मजदूरों का सत्यापन, 130 लोगों से पूछताछ
पुलिस के अनुसार इंडस्ट्रियल एरिया एवं रेलवे स्टेशन के आसपास कार्यरत दूसरे राज्यों से आए लगभग 150 मजदूरों के पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच की गई। वहीं ग्राम बनारी, पुटपुरा, तिलई और धनवा में किराये पर रह रहे पश्चिम बंगाल से आए लोगों की भी जांच की गई। इनमें से 130 व्यक्तियों को विस्तृत पूछताछ एवं दस्तावेज सत्यापन के लिए कंट्रोल रूम लाया गया, जहां उनके पहचान संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन किया गया तथा भविष्य में अपराध नियंत्रण और पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उनके फिंगरप्रिंट भी लिए गए।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस ने कहा है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम तथा बाहरी व्यक्तियों एवं किरायेदारों के सत्यापन के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। पुलिस ने आम नागरिकों से अपने आसपास रहने वाले बाहरी व्यक्तियों एवं किरायेदारों की जानकारी संबंधित थाना को उपलब्ध कराने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।




