क्राइमजाँजगीर -चाँपा

मृत पत्नी के नाम पर लाखों का फर्जीवाड़ा करने वाला पति गिरफ्तार, भेजा गया जेल

जांजगीर चाम्पा। छत्तीसगढ़ सरकार की ‘मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना’ में सेंध लगाकर शासन को एक लाख रुपये का चूना लगाने वाले मुख्य आरोपी अशोक पटेल को बिर्रा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस जांच में यह साफ हो गया कि आरोपी अशोक पटेल ने बेहद शातिराना तरीके से अपनी मृत पत्नी के दस्तावेजों के साथ छेड़छाड़ की थी। उसने न केवल फर्जी तिथि का मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार करवाया, बल्कि ‘छत्तीसगढ़ भवन एवं संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल’ का फर्जी हितग्राही परिचय पत्र भी बनवाया। इन्ही कूटरचित दस्तावेजों के सहारे उसने शासन से सहायता राशि के रूप में एक लाख रुपये का अनुचित लाभ प्राप्त किया।


कलेक्टर और एसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई
जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया की शिकायत के बाद कलेक्टर द्वारा गठित विशेष जांच टीम ने इस फर्जीवाड़े की पुष्टि की थी। जिसके बाद थाना बिर्रा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
मुख्य आरोपी: अशोक पटेल (गिरफ्तार और जेल भेजा गया)।
सह-आरोपी: रोहित पटेल (सचिव, ग्राम पंचायत बिर्रा) – पुलिस जांच जारी।


पुलिस का संदेश
बिर्रा पुलिस का कहना है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार और फर्जीवाड़ा करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इस मामले में संलिप्त अन्य कड़ियों और दस्तावेजों की बारीकी से विवेचना की जा रही है, ताकि इस पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश हो सके।

Related Articles

Back to top button