अकलतरा में ‘उर्जायनम’ का शंखनाद: मारवाड़ी युवा मंच की 21वीं प्रांतीय सभा संपन्न, समाज सेवा के लिए बांटी गईं सिलाई मशीनें और वॉटर प्यूरीफायर

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच की 21वीं प्रांतीय सभा सह लघुअधिवेशन “उर्जायनम” का भव्य आयोजन अकलतरा में संपन्न हुआ। अकलतरा शाखा और जागृति शाखा के आतिथ्य में आयोजित इस कार्यक्रम में पूरे प्रदेश से आए युवा सदस्यों ने अपनी एकजुटता और सेवा का संकल्प दोहराया।
मंच देने की जगह है, लेने की नहीं: कपिल लखोटिया
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष कपिल लखोटिया ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “मंच देने की जगह है, लेने की नहीं।” उन्होंने प्रभावी नेतृत्व और निस्वार्थ सेवा पर जोर दिया। वहीं, प्रांतीय अध्यक्ष प्रशांत गाँधी ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल का लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि हमने आंकड़ों से ज्यादा लोगों के दिलों में जगह बनाई है।
अमृतधारा’ पर मिलेगा अनुदान
प्रांतीय अध्यक्ष ने अधिवेशन में एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के जिन रेलवे स्टेशनों पर मंच की शाखाएं कार्यरत हैं, वहाँ ‘अमृतधारा’ (वॉटर कूलर) स्थापित करने पर प्रांत की ओर से ₹25,000 का अनुदान दिया जाएगा।
शाखाओं का सम्मान और संसाधनों का वितरण
अधिवेशन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली शाखाओं को सम्मानित किया गया। सेवा कार्यों को गति देने के लिए प्रदेश की सक्रिय शाखाओं को निम्नलिखित सामग्रियां निःशुल्क प्रदान की गईं: 14 वॉटर डिस्पेंसर और 14 वॉटर प्यूरीफायर। महिला शाखाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु सिलाई मशीनें।
पदाधिकारियों की उपस्थिति कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर सुलतानिया, कार्यकारी प्रांतीय अध्यक्ष रीना केडिया, प्रांतीय महामंत्री शलभ अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विक्रांत अग्रवाल सहित विजय सिंघानिया, दीपक सिंघानिया और कई पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष उपस्थित रहे। अकलतरा शाखा अध्यक्ष रजत अग्रवाल और जागृति शाखा अध्यक्ष रजनी अग्रवाल ने सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया।




