बेजुबानों के लिए अग्रवाल परिवार की अनूठी पहल: भीषण गर्मी से पहले ही गौ माता और पक्षियों के लिए की पानी की व्यवस्था

जांजगीर चाम्पा। गर्मी के मौसम तापमान में बढ़ोत्तरी होने लगी है। ऐसे में इंसानों के साथ-साथ बेजुबान पशु-पक्षियों के लिए पानी का संकट खड़ा हो जाता है। इस संकट को समझते हुए चांपा के डागा कॉलोनी (बरपाली चौक) निवासी अग्रवाल ऐरन परिवार ने संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की एक मिसाल पेश की है।
अग्रवाल परिवार ने पेश किया करुणा का उदाहरण
स्वर्गीय रोशन लाल ऐरन अग्रवाल (रोशनलाल हार्डवेयर स्टोर्स) के परिवारजनों अजय, मधु, अंशिका और लक्ष्य ऐरन अग्रवाल ने अपने घर और आसपास गौ माता व पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था (कोटना और सकोरे) शुरू कर दी है। उनका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि भीषण गर्मी के दौरान कोई भी बेजुबान जीव प्यास से व्याकुल न हो।
नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बन रहे अंशिका और लक्ष्य
इस पहल में परिवार के बच्चों, अंशिका और लक्ष्य की सक्रिय भागीदारी यह दर्शाती है कि करुणा की भावना उम्र की मोहताज नहीं होती। इन नन्हे बच्चों के इस नेक कार्य से प्रेरित होकर आसपास के अन्य परिवारों ने भी अपने घरों के बाहर पानी के बर्तन रखने शुरू कर दिए हैं।
समाज में फैल रहा सकारात्मक संदेश
स्थानीय नागरिकों ने अग्रवाल परिवार के बच्चों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि बचपन से ही जीव-जंतुओं के प्रति दया भाव विकसित करना भविष्य के संवेदनशील समाज की नींव है। “रहिमन पानी रखिए” की सीख को चरितार्थ करते हुए यह परिवार आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत बन गया है।




