nationalक्राइम

सूरत में रूह कंपा देने वाली वारदात: पत्नी की हत्या कर लाश को सीमेंट के बक्से में चुना, मासूम बेटे को मिले नोट ने खोला राज

सूरत। गुजरात के सूरत से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। एक शख्स ने अपनी डाइटिशियन पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और पहचान छिपाने के लिए लाश को लकड़ी के बक्से में डालकर उसे सीमेंट से भर दिया। इतना ही नहीं, पुलिस को चकमा देने के लिए आरोपी ने खुद पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई।

गुमशुदगी की कहानी और बेटे का वो नोट
आरोपी विशाल साल्वी (40) ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसकी पत्नी शिल्पा साल्वे (39) चार दिनों से लापता है। पुलिस इसे सामान्य मामला मानकर जांच कर रही थी, तभी आरोपी के नाबालिग बेटे को हाथ से लिखा एक नोट मिला। इस नोट ने पूरी कहानी बदल दी।
नोट में विशाल ने लिखा था “मुझसे बहुत बड़ी गलती हो गई है, शिल्पा अब इस दुनिया में नहीं है।” मासूम बेटे ने जैसे ही यह नोट पुलिस को सौंपा, जांच की दिशा हत्या की ओर मुड़ गई।

बंद घर और सीमेंट में दफन लाश
संदेह होने पर पुलिस ने विशाल की एक पुरानी और खाली पड़ी संपत्ति (सलाबतपुरा क्षेत्र) की तलाशी ली। जब पुलिस बंद घर के अंदर दाखिल हुई, तो वहां रखे एक लकड़ी के बक्से से असहनीय बदबू आ रही थी। पुलिस ने जब बक्सा खोला, तो दंग रह गई अंदर शिल्पा का सड़ा-गला शव कच्ची सीमेंट की परतों के नीचे दबा हुआ था।

हत्या की वजह: शक का खूनी अंजाम
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी। विशाल को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। इसी शक के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। माना जा रहा है कि हत्या गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने से करीब 5 दिन पहले ही कर दी गई थी।

आरोपी फरार, तलाश जारी
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी कनन देसाई ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फोरेंसिक टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही है। वारदात के बाद से आरोपी विशाल साल्वी फरार है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

Related Articles

Back to top button