Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपा

कलेक्टर ने ली समय-सीमा बैठक:  ‘सुशासन तिहार’ के आवेदनों का हो गुणवत्तापूर्ण निराकरण, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाएँ

जांजगीर-चांपा 29 अप्रैल 2026 । जिला कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा (TL) बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट लहजे में अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों तक पहुँचना चाहिए। उन्होंने लंबित प्रकरणों और जन शिकायतों के शीघ्र निराकरण पर विशेष जोर दिया।

सुशासन तिहार: 1 मई से लगेंगे जन समस्या निवारण शिविर
बैठक के दौरान कलेक्टर ने बताया कि जिले में ‘सुशासन तिहार’ के अंतर्गत आगामी 1 मई से 10 जून 2026 तक विशेष जन समस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि इन शिविरों में प्राप्त होने वाले प्रत्येक आवेदन का निराकरण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण तरीके से जमीनी स्तर पर होना चाहिए।

कृषि एवं ग्रामीण विकास पर विशेष ध्यान
कलेक्टर ने विभिन्न विभागों की समीक्षा करते हुए निम्नलिखित महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए:
कृषि क्षेत्र: किसानों को आगामी सीजन के लिए खाद और बीज की उपलब्धता में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। किसानों को पारंपरिक फसलों के साथ-साथ दलहन एवं तिलहन उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए।
ग्रामीण विकास: स्वच्छ भारत मिशन, बिहान (लखपति दीदी), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और मनरेगा के कार्यों की समीक्षा कर प्रगति लाने को कहा गया।
मत्स्य पालन: जिले में नील क्रांति को बढ़ावा देने के लिए अधिक से अधिक मत्स्य पालकों का पंजीयन कराने के निर्देश दिए।

राजस्व एवं अन्य लंबित प्रकरणों की समीक्षा
राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए श्री महोबे ने नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन जैसे संवेदनशील मामलों को समय-सीमा के भीतर हल करने के निर्देश दिए। इसके अलावा बैठक में जनगणना 2027, ज्ञान भारतम पांडुलिपि सर्वेक्षण और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी चर्चा की गई। प्रशासन का मुख्य ध्येय सेवा है। योजनाओं का क्रियान्वयन इस तरह हो कि समाज के अंतिम व्यक्ति को भी सरकारी सुविधाओं का लाभ सुगमता से मिल सके।

बैठक में इनकी रही उपस्थिति: इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला पंचायत सीईओ  गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर  ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर  आर.के. तम्बोली, संयुक्त कलेक्टर  संदीप सिंह ठाकुर सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button