बिलासपुर में ईडी की बड़ी कार्रवाई: सराफा कारोबारी के ठिकानों पर जांच, कथित 2000 करोड़ घोटाले से जुड़ाव के संकेत

दुर्ग के बाद बिलासपुर में दबिश तेज, ‘श्रीराम ज्वेलर्स’ पर दस्तावेज खंगाल रही टीम
बिलासपुर। दुर्ग के बाद अब बिलासपुर में भी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई तेज हो गई है। ईडी की टीम शहर के सराफा कारोबारी विवेक अग्रवाल के घर और दुकान पर पहुंचकर दस्तावेजों की जांच में जुटी हुई है।
मध्यनगरी चौक स्थित दुकान पर जांच
जानकारी के अनुसार, विवेक अग्रवाल की मध्यनगरी चौक में ‘श्रीराम ज्वेलर्स’ नाम से दुकान संचालित है। टीम यहां वित्तीय लेनदेन और दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है।
परिवार का नाम जांच में आया
सूत्रों के मुताबिक, विवेक अग्रवाल के भाई विकास अग्रवाल का नाम कथित शराब घोटाले में सामने आया है। उन्हें आरोपी अनवर ढेबर का करीबी बताया जा रहा है। जानकारी यह भी है कि विकास अग्रवाल फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।
2000 करोड़ के कथित नेटवर्क से जुड़ी जांच
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई करीब 2000 करोड़ रुपये के कथित घोटाले से जुड़े नेटवर्क की जांच के तहत की जा रही है। ईडी की टीम कारोबारी से जुड़े दस्तावेज, लेनदेन और संभावित लिंक की पड़ताल कर रही है।
दुर्ग में भी हो चुकी है कार्रवाई
गौरतलब है कि इससे पहले दुर्ग में भी ईडी ने एक कारोबारी और भाजपा नेता से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की थी। दोनों शहरों में चल रही कार्रवाई को बड़े आर्थिक मामलों की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।




