bjpजाँजगीर -चाँपा

जांजगीर-चांपा में पृथक पर्यावरण कार्यालय की मांग; भाजपा नेताओं ने प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी को सौंपा आवेदन

जांजगीर-चांपा: जिले के प्रभारी एवं छत्तीसगढ़ शासन के आवास, पर्यावरण व वित्त मंत्री  ओ.पी. चौधरी से भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात कर जांजगीर-चांपा में पृथक पर्यावरण कार्यालय खोलने हेतु औपचारिक आवेदन सौंपा। इस मुलाकात के दौरान जिले में तेजी से हो रहे औद्योगिक विस्तार और उसके साथ जुड़ी पर्यावरण संरक्षण की अनिवार्य आवश्यकता को प्रमुखता से रखा गया। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को अवगत कराया कि जांजगीर-चांपा एक औद्योगिक और कृषि प्रधान जिला है, ऐसे में पर्यावरण संतुलन बनाए रखना भविष्य की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है।
आवेदन में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि वर्तमान में पर्यावरण संबंधी कार्यों और शिकायतों के निराकरण के लिए स्थानीय निवासियों को बिलासपुर स्थित कार्यालय पर निर्भर रहना पड़ता है। जिले में स्वतंत्र कार्यालय खुलने से न केवल आम जनता को बिलासपुर की दौड़ लगाने से मुक्ति मिलेगी, बल्कि उद्योगों की सख्त निगरानी और प्रदूषण नियंत्रण के कार्यों में भी अपेक्षित तेजी आएगी। भाजपा जिला अध्यक्ष  अंबेश जांगड़े और जिला प्रवक्ता  विकास शर्मा ने कहा कि स्थानीय स्तर पर कार्यालय होने से पर्यावरण संबंधी समस्याओं का मौके पर और त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा।
भाजपा नेताओं ने माननीय मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि जनहित और जिले की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए इस मांग पर शासन स्तर से शीघ्र ही सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने ‘पर्यावरण सुरक्षित होगा, तभी भविष्य सुरक्षित होगा’ के संकल्प के साथ जिले के विकास में पर्यावरण सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही। प्रभारी मंत्री  ओ.पी. चौधरी ने भी प्रतिनिधिमंडल की मांग को गंभीरता से सुना और इस विषय पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस अवसर पर जिले के वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button