जांजगीर-चांपा: मड़वा के बसंतपुर में भीषण सड़क हादसे में गौ माता की मौत; आक्रोशित ग्रामीणों और गौ सेवकों ने किया चक्काजाम

जांजगीर-चांपा 4 मई 2026 । जिले के मुख्यालय से सटे ग्राम मड़वा के बसंतपुर में एक सड़क हादसे में गौ माता की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों और गौ सेवकों का गुस्सा फूट पड़ा। विरोध स्वरूप आक्रोशित लोगों ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
सड़क पर उतरे गौ सेवक, घंटों रहा तनाव
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और गौ सेवक मौके पर जमा हो गए। हादसे से नाराज लोगों ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम की मांग करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। घंटों चले इस चक्काजाम के कारण राहगीरों और लंबी दूरी के वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
पुलिस और राजस्व अमले ने दी समझाइश चक्काजाम की सूचना मिलते ही चांपा थाना प्रभारी अशोक वैष्णव और नायब तहसीलदार सृजल साहू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों की मांगों को सुना और उन्हें उचित वैधानिक कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रशासन की काफी समझाइश और आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और चक्काजाम समाप्त किया गया।
पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर सड़क पर यातायात बहाल करा दिया है। फिलहाल क्षेत्र में शांति बनी हुई है, लेकिन स्थानीय लोगों में तेज रफ्तार वाहनों और आवारा मवेशियों की सुरक्षा को लेकर अब भी गहरा असंतोष व्याप्त है।




