जनसेवाजाँजगीर -चाँपा

खरौद में गूंजा छत्तीसगढ़ी काव्य रस, वरिष्ठ पत्रकार कुंजबिहारी साहू की स्मृति में हुआ भव्य ‘छत्तीसगढ़ी कबि सम्मेलन’

हास्य, ओज और श्रृंगार की कविताओं से सजी महफिल, देर रात तक काव्य रस में डूबे रहे श्रोता

जांजगीर चाम्पा। धार्मिक नगरी एवं छत्तीसगढ़ की काशी के नाम से प्रसिद्ध खरौद में वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय कुंजबिहारी साहू की स्मृति में भव्य ‘छत्तीसगढ़ी कबि सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। लक्ष्मणेश्वर मंदिर के सामने आयोजित इस सांस्कृतिक आयोजन का यह तीसरा वर्ष रहा, जिसमें नगरवासियों और काव्य प्रेमियों का उत्साह देखने लायक रहा।

कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे कवियों ने हास्य, ओज, श्रृंगार और गीतों की प्रस्तुति देकर लगभग तीन घंटे तक समां बांधे रखा। आयोजन में राजनांदगांव के हास्य कवि पद्मलोचन शर्मा ‘मुंहफट’, बेमेतरा के हास्य कवि रामानंद त्रिपाठी, कोरबा की श्रृंगार कवियित्री श्रीमती संतोषी ‘श्रद्धा’, साजा के ओज कवि ईश्वर साहू ‘आरुग’ तथा बालोद के हास्य कवि कैलाश कुंवारा शामिल हुए। वहीं कार्यक्रम का संचालन बिलाईगढ़ के कवि शशिभूषण सनेही ने किया।

छत्तीसगढ़ी भाषा में सजी काव्य महफिल
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती, भगवान लक्ष्मणेश्वर एवं स्व. कुंजबिहारी साहू के तैलचित्र के समक्ष पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद कवियित्री संतोषी ‘श्रद्धा’ ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।

हास्य कवि कैलाश कुंवारा ने व्यंग्य और हास्य से दर्शकों को खूब गुदगुदाया, वहीं ओज कवि ईश्वर साहू ‘आरुग’ ने राष्ट्रभक्ति और छत्तीसगढ़ महतारी पर आधारित कविताओं से माहौल को ऊर्जावान बना दिया। संतोषी ‘श्रद्धा’ ने प्रेम और श्रृंगार रस की रचनाओं से श्रोताओं को भावविभोर किया।

राजनांदगांव से पहुंचे वरिष्ठ कवि पद्मलोचन शर्मा ‘मुंहफट’ ने हास्य पैरोडी के माध्यम से शानदार प्रस्तुति दी और स्व. कुंजबिहारी साहू को श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं हास्य कवि रामानंद त्रिपाठी ने भी अपने अंदाज से खूब ठहाके लगवाए।

कार्यक्रम के अंत में संचालक शशिभूषण सनेही ने मां, भाई और परिवार पर आधारित संवेदनशील कविताओं की प्रस्तुति देकर माहौल को भावुक बना दिया। काव्य रसिक देर रात 2:30 बजे तक कार्यक्रम में मौजूद रहकर रचनाओं का आनंद लेते रहे।

दीनदयाल यादव का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में बहेराडीह स्थित देश के पहले किसान स्कूल के संचालक दीनदयाल यादव का भी सम्मान किया गया। उन्होंने अपने किसान स्कूल का नामकरण वरिष्ठ पत्रकार स्व. कुंजबिहारी साहू के नाम पर किया है। जनप्रतिनिधियों और नगरवासियों ने उनकी इस पहल की सराहना की।

कार्यक्रम का संचालन कोमल साहू एवं आभार प्रदर्शन आयोजन समिति के संयोजक राजकुमार साहू ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी, जनप्रतिनिधि, पत्रकार और नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button